
यूपी : चार युवकों के गैंगरेप करने के बाद 10वीं की छात्रा की मौत, पुलिस बोली- सुसाइड
राज्य के मेरठ में 10वीं क्लास की छात्रा से गैंगरेप कर उसकी हत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. आरोपियों ने छात्रा से गैंगरेप करने के बाद उसे जहर दे दिया, जिसके बाद छात्र ने तड़प-तड़प कर अस्पताल में दम तोड़ दिया. परिजनों ने चार आरोपियों के खिलाफ गैंगरेप और हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है.
परिजनों का आरोप है कि गैंगरेप के बाद छात्रा को जहर दिया गया. जिससे उसकी मौत हो गई, पुलिस का कहना है कि लड़की के घर से सुसाइड नोट मिला है और इस मामले की जांच की जा रही है.मामला मेरठ के थाना सरधना क्षेत्र के कपसाड़ गांव का है. यहां 10वीं क्लास की छात्रा घर से ट्यूशन जाने के लिए निकली लेकिन ट्यूशन तक छात्रा नहीं पहुंची. परिजनों का आरोप है कि रास्ते में ही गांव के ही 4 लड़कों ने उसका अपहरण कर लिया, जिसके बाद उसके साथ गैंगरेप किया गया और उसे जहर दे दिया गया. वहीं, छात्रा बदहवास हालत में अपने घर पहुंची तो उसने परिजनों को आपबीती बताई. इसके बाद परिजन पीड़िता को लेकर अस्पताल पहुंचे, जहां छात्रा की मौत हो गई.
मामले में मेरठ के एसपी देहात केशव कुमार का कहना है कि थाना सरधना की एक लड़की के साथ दुष्कर्म की तहरीर प्राप्त हुई थी तहरीर प्राप्त होते ही मुकदमा दर्ज कर लिया गया , घटनास्थल का मुआइना कर लिया गया है , लड़की के घर में सुसाइड नोट भी मिला है जिसमें मुख्य रूप से लखन नामक व्यक्ति और उसके साथियों का जिक्र भी है. सुसाइड नोट के आधार पर लखन और विकास को गिरफ्तार कर लिया गया है. मुख्य अभियुक्त लखन उसी जगह ट्यूशन पढ़ता था जहां पर मृतका ट्यूशन पढ़ती थी. इस मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है.