
हर सप्ताह 24 हजार लोगों का होगा टीकाकरण
~45 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों को भी आज से लगेंगे टीके सोमवार गुरुवार और शुक्रवार का दिन तय बढ़ाई जाएगी केंद्रों की संख्या~
एटा: कोरोना संक्रमण की बढ़ रही चाल के मद्देनजर स्वास्थ्य महकमा टीकाकरण की रफ्तार में भी तेजी लाने के लिए जुट गया है। हर सप्ताह में तीन दिन आठ-आठ हजार लोगों को टीके लगाए जाने का लक्ष्य तय किया गया है, यानि सप्ताह में कुल 24 हजार लोगों को टीका लगेगा। गुरुवार से 45 वर्ष से अधिक उम्र वालों के लिए भी एंटी कोरोना टीकाकरण कार्यक्रम शुरू किया जाएगा।
अभी तक 60 वर्ष से अधिक उम्र के, 45 वर्ष से अधिक उम्र के गंभीर बीमार लोगों के अलावा छूटे हुए फ्रंटलाइन और हेल्थ केयर वर्कर को टीके लगाए जा रहे थे। 45 टीकाकरण केंद्र बनाए गए थे, लेकिन एक महीने चले टीकाकरण की रफ्तार बेहद धीमी रही। अब गुरुवार से 45 वर्ष से अधिक उम्र के सभी लोगों को भी टीके लगना शुरू होंगे। ऐसे में टीकाकरण केंद्रों की संख्या बढ़ाकर 60 की जा रही है। सोमवार, गुरुवार और शुक्रवार को आठ-आठ हजार लोगों को टीके लगाए जाएंगे।
इस महीने 1.27 लाख लोगों को लगेंगे टीके: जिले में 45 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों की संख्या तीन लाख से ऊपर है। इनमें से 1.27 लाख लोगों को अप्रैल में ही टीके लगाए जाने का लक्ष्य दिया गया है।
लक्ष्य से आधा भी नहीं हुआ टीकाकरण: वरिष्ठ नागरिकों का टीकाकरण कार्यक्रम मार्च में लक्ष्य से आधा भी नहीं पहुंच पाया। कुल 1.53 लाख में से 38 हजार 390 लोगों को मार्च में टीके लगाने का लक्ष्य तय किया गया था। 15 हजार 324 लोगों को ही टीके लगाए जा सके हैं।
टीकाकरण की स्थिति
श्रेणी-लक्ष्य-टीकाकरण
हेल्थकेयर-5755-5317
फ्रंटलाइन-7844-6904
आमजन-153000-15324 शासन से निर्धारित श्रेणी में आने वाले अधिक से अधिक लोगों का टीकाकरण जल्दी करने के लिए केंद्र बढ़ाए जा रहे हैं। साथ ही विभिन्न माध्यमों से लोगों को जागरूक कर टीका लगवाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
- डा. राम सिंह, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी