
कोतवाली देहात मामलों में दोषियों के खिलाफ होगी कड़ी कार्रवाईः डीआईजी
एटा। नवागत पुलिस उप महानिरीक्षक (अलीगढ़) दीपक कुमार ने मंगलवार को पुलिस लाइन में वार्ता के दौरान कोतवाली देहात मामलों में दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का कहा। वहीं निष्ठावान अधिकारियों से मामलों की जांच कराने और माफिया व दागी सफेद पोशों पर कार्रवाई करने का भी संकेत दे गए।
डीआईजी दीपक कुमार मंगलवार को प्रथम बार जनपद आगमन के साथ ही जिला स्तरीय पुलिस अधिकारियों में जोश भर गए। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की रणनीति बनाकर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाकर चुनाव संपन्न कराने का गुरुमंत्र दे गए। वहीं वार्ता के दौरान एक सवाल के जवाब में डीआईजी ने कहा कि कोतवाली देहात में दर्ज मामलों की गंभीरता से जांच की जा रही है। अलीगढ़ एएसपी विकास कुमार के स्थानांतरण से पूर्व मामले को बहुत करीब से समझा जा चुका है। इस मामले में जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। वहीं एएसपी विकास कुमार के स्थानांतरण होने पर निष्ठावान अधिकारी से जांच कराने की बात कही गई है। डीआईजी ने कहा कि माफियाओं व दागी सफेदपोशों की कुंडली खंगाली जा रही है, उन्हें बख्शा नहीं जाएगा।
इससे पहले मंगलवार को पुलिस उप महानिरीक्षक दीपक कुमार ने पुलिस लाइन में विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक की और चुनाव को लेकर मंत्रणा करने के बाद जिलाधिकारी डा. विभा चहल व एसएसपी से भी वार्ता की। डीआईजी ने कहा कि त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों को निष्पक्ष कराने को लेकर डीएम व एसएसपी के साथ वार्ता हुई है और जीरो टॉलरेंस पर आधारित चुनाव संपन्न कराए जाने पर जोर दिया गया है। शासन की नीतियों को जन सामान्य तक पहुंचाने को प्राथमिकता में शामिल करके काम करने की नसीहत दे गए। इस मौके पर एसएसपी उदय शंकर सिंह, एएसपी ओपी सिह, एएसपी (क्राइम) राहुल कुमार, सीओ सदर इरफान नासिर खान, सीओ अलीगंज राघवेंद्र सिंह, सीओ जलेसर सुनील कुमार मौजूद रहेे।