
बिहार में विधेयक पर विपक्ष का विरोध जारी, सदन में बिना विपक्ष के चुने गए उपसभापति
बिहार विधानसभा में 23 मार्च को पेश होने के लिए प्रस्तावित बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस विधेयक 2021 का विरोध जारी है. शुक्रवार को विधानसभा में विपक्ष के विरोध के बाद अब बाहर भी विपक्षी दल इस विधेयक का विरोध कर रहे हैं. वही आज विधानसभा में बिना विपक्ष के ही उपसभापति का चुनाव संपन्न करा लिया गया. एनडीए दल से जेडीयू के नेता के पक्ष में 124 वोट से उपसभापति चुन लिया गया.
तो दूसरी ओर जन अधिकार पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पप्पू यादव ने कहा कि इस कानून के बाद मजिस्ट्रेट से वारंट की जरूरत नहीं होगी. पुलिस ऐसे ही मनमाने ढंग से किसी के भी घर में घुस जाएगी. यह कानून बिहार के नागरिकों को उनके मौलिक अधिकार से वंचित करने वाला होगा. बिहार सरकार तानाशाही रुख अख्तियार कर चुकी है. इस कानून के खिलाफ हम सुप्रीम कोर्ट और हाई कोर्ट जाएंगे और जन आंदोलन भी करेंगे.
पप्पू यादव ने कहा कि यदि नीतीश कुमार सही में महात्मा गांधी, लोहिया, जेपी और कर्पूरी ठाकुर के अनुयायी हैं तो इस विधेयक को सदन में पेश होने से रोके. बिहार सरकार लगातार जन विरोधी कानून सदन ला रही है. लोगों को सोशल मीडिया पर लिखने, और आंदोलन करने पर रोक लगा रही है.