
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत कराई गई 54 जोड़ों की शादी
प्रदेश सरकार के सफलतापूर्वक चार वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर एटा क्लब में हुआ कार्यक्रम
एटा। प्रदेश सरकार के सफलतापूर्वक चार वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत शहर के जीटी रोड स्थित एटा क्लब में एक भव्य आयोजन किया गया। इस दौरान पात्रता के आधार पर चिन्हित किए गए 52 हिन्दू जोड़े एवं 02 मुस्लिम जोड़ों की विधी विधान से रीति रिवाज के अनुरूप शादी कराई गई। मारहरा विधायक वीरेन्द्र सिंह लोधी, जिलाधिकारी डा0 विभा चहल, मुख्य विकास अधिकारी अजय प्रकाश आदि द्वारा सामूहिक विवाह कार्यक्रम का मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया गया।
मारहरा विधायक वीरेन्द्र सिंह लोधी ने सामूहिक विवाह कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर जनपद में अनकोंनेक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, इसी क्रम में आज मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत एटा क्लब में आयोजन किया जा रहा है। मा0 मुख्यमंत्री जी द्वारा गरीब जोड़ों की शादी एक ही मण्डप में कराए जाने का निर्णय काफी सराहनीय है। इस योजना का लाभ पारदर्शिता के साथ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जा रहा है।
मुख्य विकास अधिकारी अजय प्रकाश ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अन्तर्गत 51 हजार रूपये प्रति जोड़े के हिसाब से खर्च किए जाने का प्राविधान है, इसमें 35 हजार रूपये वधू के खाते में, 10 हजार रूपये का विभिन्न प्रकार का सामान एवं 6 हजार रूपये प्रति जोड़े के हिसाब से आयोजन खर्च शामिल है। विधायक वीरेन्द्र सिंह लोधी, डीएम डा0 विभा चहल, सीडीओ अजय प्रकाश सहित अन्य अधिकारियों ने सभी नवदम्पत्तियों को आशीर्वाद देकर उनके नवजीवन के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
सामूहिक विवाह कार्यक्रम गायत्री शक्तिपीठ के आचार्य एवं उनकी पूरी टीम ने हिन्दू वर वधू को हवनकुण्ड के सामने मंत्रोच्चारण करके परंपरागत ढंग से सम्पन्न कराया गया। इस अवसर पर समाज कल्याण अधिकारी रश्मी यादव, डीएसटीओ रेखा मिश्रा, बीएसए संजय सिंह, खण्ड विकास अधिकारी अशोक कुमार सिंह, अनुज मिश्र सहित अन्य अधिकारीगण, कर्मचारीगण मौजूद रहे।