सिपाही ने एसपी को पढ़ाया ट्रैफिक नियमों का पाठ, पुलिस कप्तान की गाड़ी को वन-वे में घुसने से रोका

यूपी (बलिया) : सिपाही ने एसपी को पढ़ाया ट्रैफिक नियमों का पाठ, पुलिस कप्तान की गाड़ी को वन-वे में घुसने से रोका

ज़िले में पुलिस अधीक्षक डॉ. विपिन ताडा ने शहर में जाम की समस्या को खत्म करने के लिए कई सड़कों पर वन वे प्लान लागू कराया है। बीते लगभग एक सप्ताह से इस प्लान के तहत ही शहर में यातायात व्यवस्था चल रही है। इसी बीच मंगलवार को एसपी की गाड़ी वन वे की तरफ घूम गई। यह देखते ही वहां तैनात ट्रैफिक कांस्टेबल पुष्पेंद्र सिंह ने गाड़ी को रोका और दूसरी ओर से जाने का इशारा किया। पुलिस कप्तान की गाड़ी को रोककर दूसरी दिशा से जाने का इशारा देखकर वहां मौजूद पुलिसकर्मियों को सांप सूंघ गया। पुलिस अधीक्षक ने भी गाड़ी का शीशा नीचे किया और जवान को अपने पास बुलाकर शाबाशी दी।

पुलिस अधीक्षक मंगलवार को शहर में जारी वन वे ट्रैफिक प्लान का जायजा लेने के लिए निकले थे। एसपी कार्यालय से निकली गाड़ी चित्तू पांडेय चौराहा से स्टेशन की ओर घूमी। वहां से वैशाली रोड होते हुए एसपी की गाड़ी ओक्डेनगंज चौराहे पर पहुंची।

वहां से उनकी गाड़ी वन वे की तरफ घूम गई। यह देखते ही चौराहे पर नए नियमों का पालन कराने के लिए तैनात ट्रैफिक कांस्टेबल पुष्पेंद्र सिंह व पीआरडी जवान ने गाड़ी को रोक दिया और बताया कि वन वे नियम लागू है, आप दूसरे रास्ते से जाएं।

गाड़ी को रोकते ही पीछे चल रहे पुलिसकर्मियों में सन्नाटा छा गया। चालक ने गाड़ी एक तरफ खड़ी की और कप्तान ने गाड़ी का शीशा नीचे कर कांस्टेबल को पास बुलाया। तब तक अन्य पुलिसकर्मी भी अपने वाहनों से उतरकर कप्तान की गाड़ी के पास खड़े हो गए। डरते-डरते कांस्टेबल पुष्पेंद्र कप्तान के पास पहुंचे। कप्तान ने उनका परिचय पूछने के साथ पूछा कि तुम्हे पता है तुमने किसकी गाड़ी रोकी है।

कांस्टेबल शांत खड़े रहा, तभी अचानक डॉ. विपिन ताडा मुस्कुराए और तत्काल अपनी जेब से 501 रुपये निकालकर उसकी ओर बढ़ा दिया। वह हिचकिचा रहा था तो उन्होंने कहा कि लो यह तुम्हारा इनाम है, तुमने अपनी ड्यूटी पूरी ईमानदारी और निर्भयता से निभाई है। इसके बाद कप्तान की गाड़ी नियम के अनुसार दूसरे रास्ते की ओर मुड़ गई।

About The Author

निशाकांत शर्मा (सहसंपादक)

Learn More →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अपडेट खबर के लिए इनेबल करें OK No thanks