
जनता दरबार में फरियाद सुनकर नाराज हुए CM योगी, पुलिस कप्तान को लगाई कड़ी फटकार, दिव्यांग बुजुर्ग की मुराद की पूरी
सीएम योगी आदित्यनाथ 2 दिवसीय दौरे पर गोरखपुर आए हुए हैं. ऐसे में वह आज जनता दरबार में फरियादियों की फरियाद सुनने के लिए पहुंचे. इस दौरान उन्होंने पुलिस की लापरवाही के मामले सुनने को मिले, जिससे वह नाराज हो गए। इस दौरान पुलिस कप्तान को कड़ी फटकार लगाई.
दरअसल, चेरियां बेलीपार की एक महिला ने गुलरिया थाना क्षेत्र में एक साल पहले हुई बेटे की हत्या के मामले में दोषियों की अब तक गिरफ्तार न होने की जानकारी दी. इससे सीएम योगी नाराज हो गए. इस दौरान उन्होंने गोरखपुर के पुलिस कप्तान से नाराजगी जताते हुए कहा कि गुलरिहा पुलिस के खिलाफ वैसी ही कार्रवाई करिए, जैसी पिछले दिनों बस्ती में हुई थी.
रविवार को जनता दरबार में सबसे अधिक मामले पुलिस संबंधित ही आए थे, जिससे सीएम योगी के सामने पुलिस विभाग की लापरवाही सामने आ गई. गोरखनाथ मंदिर के हिंदू सेवाश्रम में जनता दर्शन के दौरान करीब 500 लोगों की फरियाद सुनी और उन्हें समस्या समाधान का आश्वासन दिया. करीब सवा घंटे चले जनता दर्शन के बाद मुख्यमंत्री मंदिर स्थित आवास में चले गए और बाकी फरियादियों की समस्या मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय के प्रभारी मोतीलाल सिंह ने सुनी.
वहीं गोरखनाथ मंदिर में लगने वाले जनता दरबार से कभी कोई फरियादी निराश होकर नहीं जाता है। इसका सटीक उदाहरण आज देखने के लिए मिला. सीएम योगी ने जैसे ही जनता दर्शन से बाहर निकले वहां रामजानकी कुसम्ही से आए 109 वर्षीय महंत ओमकारनाथ पर उनकी नजर पड़ी. सीएम तुरंत उनके पास गए और हालचाल पूछा. महंत ओमकारनाथ दिव्यांगता की वजह व्हील चेयर पर जनता दरबार पहुंचे थे. महंत ने सीएम को बताया कि वह एक यज्ञ करा रहे हैं. यज्ञ से पहले गोरक्षपीठाधीश्वर से मिलने की आस थी. वह आज पूरी हो गई.