
अमेरिका में तीन स्पा सेंटरों में फायरिंग, चार एशियाई महिलाओं सहित आठ मरे
अटलांटा, एजेंसियां। अमेरिका में अटलांटा के तीन स्पा सेंटरों में अंधाधुंध फायरिंग में चार एशियाई मूल की महिलाओं सहित आठ लोगों की मौत हो गई। घटना के बाद सीसीटीवी फुटेज के आधार पर 21 साल के एक संदिग्ध युवक को गिरफ्तार किया गया है। स्पा सेंटरों पर हमला स्थानीय समय के अनुसार शाम पांच बजे अटलांटा से पचास किमी. दूर एकवर्थ में शुरू हुआ। यहां स्टि्रप माल में एशियन मसाज पार्लर को निशाना बनाया गया। ताबड़तोड़ फायरिंग में मौके पर ही दो लोगों की मौत हो गई, तीन गंभीर लोगों को अस्पताल ले जाया गया। जहां दो घायलों ने कुछ देर बाद ही दम तोड़ दिया। इस घटनास्थल पर किसी को भी गिरफ्तार नहीं किया जा सका।
लगभग पचास मिनट बाद दूसरे स्पा सेंटर को निशाना बनाया गया। अटलांटा के ही नजदीक बकहैड से पुलिस को डाका पड़ने की जानकारी दी गई। जब पुलिस मौके पर पहुंची तो पता चला कि यहां भी स्पा सेंटर को ही निशाना बनाया गया। यहां गोल्ड स्पा नाम के सेंटर पर भी गोलियां चलाई गई थीं। हमले में तीन महिलाओं ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया था। इसके कुछ देर बाद ही हमलावरों ने तीसरे स्पा सेंटर एरोमा थेरेपी स्पा को अपना निशाना बनाया। जब तक यहां पुलिस पहुंची, हमला करने वाले यहां से भी भाग चुके थे। यहां एक महिला का शव पड़ा मिला। इसके शरीर में भी गोलियां लगी हुई थीं।