
जैथरा में विवाहिता की मौत, हत्या का आरोप
एटा: जैथरा थाना क्षेत्र में विवाहिता की मौत हो गई। मृतका के भाई ने बहन के ससुरालीजनों पर मारपीट करने का भी आरोप लगाया है। पांच ससुरालीजनों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
शाहजहांपुर जनपद के थाना व कस्बा कलान निवासी योगेश कुमार ने पुलिस को बताया कि उसने 24 वर्षीय बहन शिल्पी की शादी 16 माह पूर्व कस्बा जैथरा के मुहल्ला नेहरू नगर निवासी सचिन कुमार के साथ की थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही दहेज में सोने की जंजीर व एक लाख की नकदी की मांग को लेकर बहन का उत्पीड़न शुरू कर दिया गया। दो दिन पूर्व बहन ने आपरेशन से बच्चे को जन्म दिया था।
सोमवार को सुनियोजित तरीके से ससुरालीजनों द्वारा बहन की हत्या कर दी गई। सूचना पर जब वह नेहरू नगर पहुंचा तो ससुरालीजनों ने उसके साथ भी मारपीट की। उपनिरीक्षक चरन सिंह ने बताया कि मृतका के भाई की तहरीर पर मारपीट और दहेज हत्या का मामला सचिन, उसके बड़े भाई रवि व जितेंद्र समेत पांच के खिलाफ दर्ज कर लिया गया है।