
जबलपुर, नईदुनिया प्रतिनिधि Jabalpur Crime News। तिलवारा थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया। एक युवक ने अपनी बहन के प्रेम विवाह करने से नाराज होकर अपने जीजा की गर्दन कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी। वहीं जब यह बात उसकी पत्नी को पता चली, तो उसने भी फांसी लगा ली। घटना से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने बताया कि तिलवारा घाट के पास रहने वाले विजेत कश्यप ने दो माह पहले रमनगरा में रहने वाली पूजा शुक्ला से प्रेम विवाह किया था। इस बात पर पूजा के भाई मिंटू शुक्ला ने विरोध किया, लेकिन फिर मामला शांत हो गया।
इसका बदला लेने के लिए गुरुवार की सुबह मिंटू ने विजेत कश्यप की कुल्हाड़ी से गर्दन काट दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस के मुताबिक हत्या के बाद आरोपित फरार हो गया है।
बोरी में कटा हुआ सिर भरकर ले गया थाने: क्षेत्रीयजन की माने, तो मिंटू ने विजेत की हत्या करने के बाद उसका कटा हुआ सिर बोरी में रखा और थाने लेकर पहुंच गया।
सूचना मिलते ही पूजा ने लगाई फांसी: विजेत की हत्या की सूचना मिलते ही उसके स्वजन सक्ते में आ गए। वहीं सभी मौके पर पहुंचे, जहां विजेत की सिर कटी लाश देखकर उसकी पत्नी पूजा बेहोश हो गई। जिसे उसके स्वजन घर ले गए। कुछ देर बाद जब विजेत के स्वजन घर पहुंचे, तो देखा कि पूजा भी फांसी पर लटकी हुई है। पुलिस ने शव को नीचे उतारकर पीएम के लिए भिजवाते हुए जांच शुरू कर दी है।
पूजा की भी हत्या कर फांसी पर लटकाने का आरोप: भाई विजेत की हत्या करने के बाद आरोपितों ने उसकी भाभी पूजा की भी हत्या की और उसे फांसी पर लटका दिया। यह हत्या पूरी योजना बनाकर की गई है, ताकि किसी को संदेह नहीं हो और यह कह दिया कि विजेत की हत्या होने के दुख में पूजा ने फांसी लगा ली। जबकि वह अपने भाई और अन्य रिश्तेदारों के खिलाफ गवाही नहीं दे, इसलिए उसकी भी हत्या कर दी। यह आरोप मृतक विजेत के ममेरे भाई फूटाताल निवासी अंशुल सोंधिया और अन्य स्वजन ने लगाते हुए पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग की है।
जगदलपुर में करता था नौकरी: अंशुल ने बताया कि उसका भाई विजेत अपनी पत्नी पूजा को लेकर दो सप्ताह पहले शहर आया और अपने तिलवारा स्थित घर पहुंचा। विजेत की दो बहनें और पिता है, लेकिन उन्होंने नाराजगी जाहिर की और उसे घर में रहने की अनुमति नहीं दी। इसके बाद विजेत अपनी चाची के घर के पास किराए का मकान लेकर गढ़ा में पूजा के साथ रहने लगा। भाई विजेत जगदलपुर में एक प्राइवेट मोबाइल कंपनी में ड्रायवर की नौकरी करता था। जहां वह पूजा को लेकर जाने वाला था। लेकिन शहर में कुछ काम होने के कारण वह रुका हुआ था। वहीं यह भी पता चला है कि पूजा गर्भवती थी।
दो दिन पहले पूजा के स्वजन पहुंचे: मृतक विजेत के स्वजन ने आरोप लगाया कि विजेत और पूजा शहर में आ गए थे। वहीं पूजा के स्वजन कुछ नहीं करें इसके लिए वह थाने पहुंचे थे। थाने में पूजा के स्वजन ने गुम होने की शिकायत की थी। थाने में पूजा के स्वजन भी आए थे। जहां पूजा ने अपने स्वजन से कहा था कि उसने विजेत से शादी कर ली है और वह अब इसके साथ ही रहेगी। दो दिन पहले विजेत के गढ़ा स्थित घर में पूजा का भाई धीरज अपने रिश्तेदार और साथियों के साथ पहुंचा। जहां उसने विजेत को धमकाया और पूजा को अपने साथ घर ले गया।
पूजा ने रात में किया था फोन: पूजा ने बुधवार की रात में विजेत को फोन किया, जिसमें बताया था कि उसे ससुराल आना है और उसके घर वाले आने नहीं दे रहे। वहीं विजेत ने अपने रिश्ते के भाई और साथियों को फोन किया और कहा कि वह गुरुवार को अपनी पत्नी पूजा को लेने के लिए उसके घर जाएगा।
घटना के बाद से गायब है दोस्त: मृतक के स्वजन ने आरोप लगाया कि विजेत का खास दोस्त बड्डू उर्फ शिवकुमार बर्मन था। विजेत गुरुवार को अपने साथी बड्डू के साथ पत्नी पूजा को लेने के लिए उसके घर रमनगरा गया था। पूजा ने फोन पर कहा था कि वह घर के पास स्थित एक पेड़ के पास मिलेगी और फिर वहां से वह उसके साथ गढ़ा स्थित घर चली जाएगी। विजेत अपने साथी बड्डू के साथ रमनगरा में स्थित उसी पेड़ के नीचे खड़ा था। वहां पर पूजा का भाई धीरज मिल गया और उसने विजेत पर हमला कर दिया। वहीं घटना के बाद से विजेत का दोस्त बड्डू भी गायब है, जिसका कुछ पता नहीं चल रहा है। बड्डू का मोबाइल भी बंद आ रहा है।
कटी गर्दन लेकर पहुंचा थाने: आरोपित धीरज उर्फ मिंटू ने गर्दन काटने के बाद उसे एक बोरी में रखा और बोरी लेकर पैदल थाने आ गया। बोरी से खून टपक रहा था। आरोपित जैसे ही थाने पहुंचा बाहर खड़े पुलिस कर्मियों से उसने पूछा कि थाने के अंदर जाना है, पुलिस कर्मियों ने उसे अंदर जाने का रास्ता बता दिया। जिसके बाद आरोपित कटा हुई गर्दन लेकर थाने के अंदर घुस गया। जब पुलिस कर्मियों ने देखा कि बोरी से खून टपक रहा है, तो आरोपित धीरज से पूछा, तो उसने बोरी खोलकर दिखाई, जिसमें कटी हुई गर्दन रखी थी। जिसके बाद पुलिस ने आनन फानन आरोपित को हिरासत में लिया और मौके पर पहुंचकर शव को पीएम के लिए भिजवाया।
पूजा के घर था आना जाना: बताया जा रहा है कि विजेत तिलवारा घाट क्षेत्र में रहता था और शराब पीने का आदी था। वहीं रमनगरा में शराब का कारोबार होता था, विजेत वहां शराब लेने जाता था। पूजा के पिता चुन्नू शुक्ला क्षेत्र में अवैध शराब बेचने का काम करता था। जिसके घर विजेत जाता था, तभी उसका पूजा से परिचय हुआ और फिर दोनों में प्रेम संबंध हो गए।
जेल में पूजा का पिता: पूजा के घर में कुछ दिन पहले आबकारी विभाग और पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई की थी। जहां पूजा के पिता के पास से अवैध शराब जब्त की थी। शराब जब्त कर आरोपित चुन्नू को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था।
दहशत में घरों में दुबके ग्रामीण: घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण दहशत में आ गए, जो अपने घरों में दुबक कर रह गए। वहीं गांव में जैसे ही पुलिस पहुंची और कुछ लोगों को पूछताछ के लिए बुलाया, तो वह सभी घरों से बाहर ही नहीं निकले।
स्वजन ने की जांच की मांग: मृतक विजेत के स्वजन ने घटना को लेकर कुछ आरोप लगाते हुए पुलिस से जांच की मांग की है। आरोप में बताया कि विजेत के साथ उसका साथी भी था। वहीं आरोपित धीरज ने बताया कि उसने अकेले ही विजेत पर हमला कर हत्या कर दी और उसकी गर्दन व हाथ काट दिया।, लेकिन ऐसा नहीं हो सकता। स्वजन ने आरोप लगाया है कि हत्या में आरोपित धीरज उर्फ मिंटू के अलावा उसके अन्य रिश्तेदार भी शामिल है। वहीं आरोपित धीरज थाने इसलिए पहुंच गया कि उसपर ही आरोप लगे और बाकी किसी पर कोई कार्रवाई नहीं हो। पूजा की हत्या कर उसे फंदे पर लटकाया गया है। इसकी भी पीएम में जांच होनी चाहिए। विजेत के साथी बड्डू की तलाश कर पूछताछ की जानी चाहिए।
इनका कहना :एक युवक की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी गई है। वहीं इसकी जानकारी मिलने पर उसकी पत्नी ने भी आत्महत्या कर ली। मामले की विवेचना की जा रही है