
नोएडा. अन्तर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त और पद्म भूषण से सम्मानित मूर्तिकार राम सुतार के घर से 26 लाख रुपये नकद और ज्वेलरी की चोरी हो गई है. आरोप है कि तीन दिन पहले काम पर रखे गए घरेलू सहायक ने इस कांड को अंजाम दिया. राम सुतार नोएडा सेक्टर-20 कोतवाली क्षेत्र के सेक्टर-19 में रहते हैं. आरोपी को दिल्ली की एक प्लेसमेंट एजेंसी के माध्यम से घरेलू सहायक के तौर पर रखा गया था. तीन दिन पूर्व वह काम िदिके लिए आया था. पुलिस ने शिकायत मिलने पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है.
बता दें कि पद्म भूषण से सम्मानित मूर्तिकार राम सुतार का सेक्टर-63 में स्टूडियो है. वह अभी तक 15 हजार से अधिक मूर्तियों को डिजाइन कर चुके हैं.
हजारो मूर्तिया बना चुके है, वर्ष 2019 में 31 अक्टूबर को उनके द्वारा बनाई गई भारत के ‘लौह पुरुष’ सरदार वल्लभ भाई पटेल की 182 मीटर ऊंची प्रतिमा का अनावरण पीएम नरेंद्र मोदी ने किया था.
पद्म भूषण राम सुतार नोएडा सेक्टर-19 के ए ब्लॉक में रहते हैं. उन्होंने दिल्ली की एक प्लेसमेंट एजेंसी के माध्यम से ओडिशा निवासी मदन मोहन को घरेलू सहायक के तौर पर रखा हुआ था. राम सुतार के घर में काम करने वाला एक नौकर छुट्टी पर गया हुआ था, जिसकी जगह मदन मोहन को रखा गया था. एडीसीपी (नोएडा जोन-1) रणविजय ने बताया कि आरोपी तीन दिन पूर्व काम के लिए आया था, इसके चलते उसका पुलिस सत्यापन भी नहीं हो सका था. मंगलवार कि रात आरोपी मदन मोहन अलमारी का ताला तोड़कर 26 लाख रुपये और लाखों की ज्वेलरी चोरी कर फरार हो गया.
एडीसीपी ने बताया कि मंगलवार को मूर्तिकार अनिल सुतार पत्नी के साथ महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे से मिलने मुंबई गए थे. घर में केवल पिता राम सुतार, बेटी और बेटा थे. घटना के वक्त बेटा मार्केट गए हुए थे, जब वह वापस लौटे तब चोरी के बारे में पता चला. पुलिस घर और बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है. प्लेसमेंट एजेंसी के संचालकों से पूछताछ कर रही है. एडिशनल डीसीपी रणविजय सिंह ने बताया कि पुलिस की तीन टीम जांच के लिए बनाई गई हैं। एक टीम जांच के लिए ओडिशा गई है. जल्द ही मामले का पर्दाफाश किया जाएगा