
एग्जाम पेपर हुआ खराब इसलिए आगरा से भाग निकले थे तीन छात्र, दिल्ली में मिले.न्यू आगरा क्षेत्र से शनिवार को लापता हुए तीनों छात्रों को पुलिस ने दिल्ली से बरामद कर लिया। पुलिस को छात्रों ने बताया कि वह परीक्षा खराब होने पर घर में डांट खाने के डर से चले गए थे।
खंदारी के मऊ रोड निवासी नौवीं में पढ़ने वाला सारांश अपने सहपाठियों माधव मिश्रा और दीपांशु के साथ शनिवार की दोपहर को गायब हाे गया था। उनकी तलाश में जुटे स्वजन ने सुराग नहीं मिलने पर न्यू आगरा थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। इसके बाद पुलिस छात्राें को तलाश रही थी।
इंस्पेक्टर न्यू आगरा भूपेंद्र बालियान ने बताया कि इलाके के सीसीटीवी फुटेज चेक किए। इसमें तीनों बच्चे ट्रांसपोर्ट नगर में आइएसबीटी की ओर जाते दिखाई दिए। इसके बाद उनकी तलाश में एक टीम को दिल्ली भेजा गया था।
सोमवार की रात को तीनों छात्र आनंद विहार बस स्टैंड के करीब एक गुरुद्वारे पास भटकते हुए मिल गए। पुलिस ने तीनों काे अागरा लेकर आने के बाद बातचीत की। छात्रों ने बताया कि उनका पेपर अच्छा नहीं हुआ था। इसके चलते वह स्वजन की डांट से डर गए थे। उन्होंने शनिवार को दिल्ली पहुंचने के बाद रात एक रेलवे स्टेशन पर गुजारी थी।