
एटा – अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर वामा सारथी के तत्वावधान में पुलिस लाइन में हुआ विशिष्ट आयोजन, विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली महिलाओं को अध्यक्षा वामा सारथी ने किया सम्मानित।
महिलाओं के सम्मान के लिए आज का दिन ही विशेष दिन नहीं है, युगों-युगों से चली आ रही परंपरा के अनुसार नारी का स्थान हर दिन श्रेष्ठ है आज दिनांक 08.03.2021 को अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर पुलिस लाइन स्थित सभागार में अध्यक्षा वामा सारथी जनपदीय पुलिस फेमिली वेलफेयर एसोसिएशन श्रीमती मीनाक्षी सिंह के दिशा-निर्देशन में महिलाओं को सशक्त बनाने हेतु विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि/जिलाधिकारी एटा डा0 विभा चहल तथा एसएसपी एटा श्री सुनील कुमार सिंह द्वारा कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। आयोजन के दौरान जिलाधिकारी एटा डा0 विभा चहल ने कहा कि महिलाओं द्वारा अपने घर के साथ-साथ अन्य स्थानों पर भी कार्य करते हुए विशेष योगदान किया जाता है। महिला कर्मचारियों द्वारा अपने घर पर कार्य करने के उपरान्त अपने कार्य क्षेत्र में अपनी सेवाएं दी जाती हैं, जो कि काफी सराहनीय कार्य है। हमें आगे बढ़कर उनका मनोबल बढ़ाते रहना चाहिए। इस अवसर पर एसएसपी एटा श्री सुनील कुमार सिंह ने मौजूद मातृ शक्ति को बधाई देते हुए कहा कि बालिकाओं, महिलाओं की सुरक्षा को दृष्टिगत रखते हुए सरकार द्वारा विभिन्न प्रकार के हेल्पलाईन नम्बर जारी किए गए हैं। जरूरत पड़ने पर या असुरक्षा महसूस करने पर महिलाओं, बालिकाओं द्वारा इन नम्बर का प्रयोग किया जाए। थानास्तर पर महिला हेल्पडेस्क का भी शासन के निर्देशानुसार संचालन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नारी लक्ष्मी का स्वरूप हैं, अतः हमें लड़का एवं लड़की में कोई भेदभाव नहीं करना चाहिए और ना ही एक दूसरे को कमतर आंकना चाहिए। महिला एवं पुरूषों को बराबर समझा जाएं, महिलाओं का परस्पर सम्मान होना चाहिए। एसएसपी एटा द्वारा कार्यक्रम के दौरान उपस्थित छात्राओं द्वारा बताई गई समस्याओं का निराकरण करने हेतु महिला थाना प्रभारी तथा थाना प्रभारी कोतवाली नगर को निर्देशित किया गया। इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ठ कार्य करने वाली महिलाओं, बालिकाओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम के अंत में डीएम महोदया द्वारा मौजूद अतिथियों, अधिकारियों, कर्मचारियों के साथ राष्ट्रगान गाकर कार्यक्रम का समापन किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी महोदय डॉ विभा चहल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एटा श्री सुनील कुमार सिंह, वामा सारथी अध्यक्षा श्रीमती मीनाक्षी सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक श्री ओम प्रकाश सिंह, डॉक्टर पल्लवी गुप्ता, तथा कई कॉलेजों की प्रधानाचार्या, महिला आरक्षी, वकील, महिलाएं, बालिकाएं, कार्यकत्रियां आदि मौजूद रहे।