
किसान संगठनों का दावा- दिल्ली में धरना देने के लिए पंजाब से आ रहीं 40 हजार महिलाएं
केंद्र सरकार की ओर से लाए गए कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों के आंदोलन को 100 दिन से अधिक हो गए हैं. इस दौरान किसान अपनी मांगों को लेकर दिल्ली की सीमा पर डटे हुए हैं. इस बीच किसान संगठनों ने दावा किया है कि 8 मार्च को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर होने वाले विरोध प्रदर्शन में हिस्सा लेने के लिए पंजाब के विभिन्न इलाकों से करीब 40 हजार महिलाएं दिल्ली आ रही हैं.
किसान संगठनों का दावा है कि इनमें से अधिकांश महिलाएं आज ही दिल्ली कूच करेंगी. किसान आंदोलन के लिए समर्थन जुटाने के लिए पंजाब के कुछ जिलों में ट्रैक्टर रैली भी निकाली गईं. इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार पंजाब के बरलाना में कई ट्रैक्टर महिला द्वारा चलाए गए. वहीं बठिंडा में पुरुष और महिलाएं दोनों ने ट्रैक्टर चलाए.
भारतीय किसान यूनियन (दकोंडा) की महिला ईकाई की राज्य कमेटी सदस्य बलबीर कौर ने बताया, कई महिलाएं अपने बच्चों की आगामी परीक्षाओं को लेकर व्यस्त हैं. इनमें से अधिकांश महिलाएं 9 मार्च को पंजाब वापस आ जाएंगी. जबकि कुछ वहीं रुकेंगी. आज इसमें मंसा की सैकड़ों महिलाएं शामिल होंगी.
सभी किसान संगठनों में सबसे बड़ी महिला ईकाई भारतीय किसान यूनियन (उग्रहन) की है. इसके महासचिव ने कहा, पंजाब से महिलाएं 500 बसों, 600 मिली बसों, 115 ट्रकों और 200 छोटे वाहनों से आज दिल्ली को कूच करेंगी. हजारों महिलाएं टीकरी बॉर्डर पर पहुंचकर महिला दिवस समारोह मनाएंगी.