गरजे अखिलेश यादव बोले- अंधेर नगरी चौपट राजा, दिनदहाड़े दुष्कर्म और रातभर गांजा, देखना हो तो यूपी में आजा

यूपी (अलीगढ) : गरजे अखिलेश यादव बोले- अंधेर नगरी चौपट राजा, दिनदहाड़े दुष्कर्म और रातभर गांजा, देखना हो तो यूपी में आजा

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आज अलीगढ़ में नोएडा एक्सप्रेस वे स्थित टप्पल इंटरचेंज पर किसान महापंचायत की। यह पहला मौका था, जब अखिलेश यादव किसी किसान महापंचायत का हिस्सा बने। इस दौरान उन्होंने प्रचलित कहावत अंधेर नगरी चौपट राजा… का जिक्र करते हुए यूपी की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए। हालांकि उन्होंने कहावत को अपने हिसाब से गढ़ा था। कहा, ‘अंधेर नगरी चौपट राजा, और उत्तर प्रदेश में हो रहा है दिनदहाड़े रेप और रात भर गांजा। जिसको भी देखना हो, यूपी में आजा।

अखिलेश ने कहा कि मुख्यमंत्री कहते हैं ठोक दो, इस ठोक दो के चक्कर में पुलिस को नहीं पता किसे ठोकना है? बीजेपी ने जीएसटी और नोटबंदी जैसे फैसले देश को बर्बाद करने वाले लिए। लॉकडाउन में पैदल चलते हुए मजदूरों की जान चली गई।

अखिलेश यादव ने कहा कि किसान आंदोलन को आज 100 दिन हो गए। किसान तब तक संघर्ष करेगा, जब तक यह वापस नहीं होंगे। इस आंदोलन से किसानों और युवाओं का भविष्य जुड़ा हुआ है, इसलिए यह आंदोलन तीनों किसान कानून वापस न होने तक जारी रहेगा। अगर खेती नहीं होगी, तो जीवन कैसे चलेगा? कोरोना वैश्विक महामारी में घरों में रहना पड़ा, परेशानी में रहे। जिससे कहीं निकल नहीं पाए। व्यापार और छोटे दुकानदारों का काम ठप हो गया। लेकिन इसके बाद भी कोई घरों से निकला तो किसान निकला। किसान ने खेतों में काम किया। किसानों ने वैश्विक महामारी में भी खेतों में काम करके देश को झुकने नहीं दिया।

अखिलेश ने कहा कि 200 से ज्यादा किसान शहीद हो गए। यह ऐसी सरकार है, जो सुन नहीं रही है। किसानों को सरकार ने अपमानित किया। इससे किसान कमजोर नहीं हुआ, बल्कि और मजबूत हुआ और किसानों ने 26 जनवरी को ट्रेक्टर परेड निकाल कर अपनी शक्ति का एहसास कराया। किसानों को सरकार ने परेशान किया। उनकी राह में गढ्ढे खोद दिए। कीलें गाड़ दीं। ट्रैक्टरों में डीजल नहीं डालने दिया। अगर इन किसानों की नहीं सुनी गई तो यह किसान सरकार को बाहर का रास्ता दिखाने का काम करेंगे।

अखिलेश यादव ने कहा कि धान का उचित मूल्य किसानों को नहीं मिला और 800-900 में बिका। मक्का के बारे में तो मुख्यमंत्री को पता ही नहीं होगा कि मक्का कितने में बिक गई। घाटा किसानों को मिल रहा है, और मुनाफा बड़े-बड़े व्यापारी लेते हैं। सरकार ने इन कानून के बारे में किसी से नहीं पूछा। चुपचाप से कानून बना दिए। इससे किसानों की खेती चली जाएगी और उन्हें न्याय भी नहीं मिलेगा। दिल्ली वाले और प्रदेश वाले मंत्री बताए कि कहां एमएसपी मिल रही है?

अखिलेश ने तंज कसते हुए कहा कि पीएम और प्रदेश के मुख्यमंत्री कहते हैं कि स्ट्राबेरी की खेती करो। मै पूछता हूं कि कहां है स्ट्राबेरी कि खेती। मुख्यमंत्री तो गाजर का हलुआ भी काला बना कर खाते हैं। हमारी सरकार आयी तो हम मंडी बनाएंगे। सरकार ने नोटबंदी के समय बताया था कि काला धन आएगा, मै पूछता हूं कि कितना विदेशों से काला धन आया। डीजल, पेट्रोल और गैसों के दाम बढ़ा दिए हैं। सरकार बताए कि कहां जा रहा है ये मुनाफा। नौजवानों के पास रोजगार नहीं है। कहते हैं कि देश विश्व गुरु बनने जा रहा है, बिना किसानों के कैसे विश्वगुरु बनेगा? किसानों की अगर कोई मदद कर सकता है तो वो सरकार है, लेकिन सरकार किसानों को बर्बाद कर देना चाहती है। भारत को एक ईस्ट इंडिया कंपनी ने गुलाम बना दिया। एक कानून ने ताकत दी, जिससे ईस्ट इंडिया कंपनी सरकार बन गई और आज सरकार देश को कंपनी बनाने का काम कर रहे हैं। क्योंकि देश को कंपनी के हाथों में दिया जा रहा है।

About The Author

निशाकांत शर्मा (सहसंपादक)

Learn More →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अपडेट खबर के लिए इनेबल करें OK No thanks