
यात्री की तबीयत खराब होने के बाद फ्लाइट की पाकिस्तान में कराई गई इमरजेंसी लैंडिंग, नहीं बच सकी जान
भारतीय विमानन कंपनी इंडिगो की फ्लाइट की आज पाकिस्तान के कराची शहर में इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी. एक यात्री की मेडिकल इमरजेंसी के बाद विमान की आपातकालीन लैंडिंग कराई गई थी, लेकिन इसके बावजूद यात्री को बचाया नहीं जा सका. उड़ान के दौरान यात्री की तबीयत खराब होने के बाद पायलट ने आपातकालीन लैंडिंग के लिए कराची एयरपोर्ट से अनुमति मांगी थी.
इंडिगो ने बयान जारी कर बताया, शारजाह से लखनऊ आ रही इंडिगो फ्लाइट 6E 1412 को मेडिकल इमरजेंसी के कारण कराची डायवर्ट किया गया. दुर्भाग्य से यात्री को बचाया नहीं जा सका. कराची एयरपोर्ट पर लैंडिंग के बाद मेडिकल टीम ने यात्री को मृत घोषित कर दिया.