_ग्रीन जोन फर्रूखाबाद में भी कोरोना का खुला खाता, थाना शमसाबाद कस्बा किया गया हाॅट स्पाॅट व सील_
*07 मई को मुंबई से जिले में आया था युवक*
जिला प्रशासन की बेहद सावधानी से अब तक सुरक्षित रहा जिला आज असुरक्षा के माहौल मंे उस वक्त डूब गया जब मुंबई से टेम्पो द्वारा आए युवक में कोरोना संक्रमित होने की पुष्टि हो गई। पूरे जिले में खलबली मच गई। एलर्ट प्रशासन ने शमसाबाद क्षेत्र को हाॅट स्पाॅट घोषित कर दिया। मौके पर पहुंचे एसडीएम और पुलिस बल ने बाजार बंद कराकर लोगो को घरो में रहने की हिदायत दी। डीएम के आदेश पर युवक को तिर्वा स्थित कन्नौज मेडिकल काॅलेज उपचार के लिए भेजा गया है। थाना क्षेत्र के कस्बा स्थित मीरा दरवाजा निवासी शिबू पुत्र जाकिर खान उम्र 22 वर्ष यहां 07 मई को मुंबई से अपने घर टेम्पो से आया था। उसे नमूना लेने के बाद क्वारंटाइन में भेजा गया था। आज उसकी आई रिपोर्ट पाॅजिटिव निकली यह खबर मिलते ही इलाके और जिले में हडकंप मच गया। खबर मिलते ही एसडीएम अमित आसेरी ने पुुलिस फोर्स के साथ यहां पहुंच फैजबाग के शमसाबाद को जाने वाले मार्ग को हाॅट स्पाॅट घोषित कर पूरा बाजार बंद करा दिया। जिलाधिकारी मानवेन्द्र सिंह ने तत्परता बरतते हुए पूरे गांव को सील करा दिया। प्रशासन की ओर से गांव को सैनिटाइज कराया जा रहा है। जिलाधिकारी ने बताया कि दो दिन पूर्व युवक मुंबई से लौटा था। उसे कन्नौज मेडिकल काॅलेज भेज दिया गया है। चिंता जताई कि दो दिन में पता नहीं कितने लोगों को युवक ने संक्रमित किया हो।
*आख़िर सारी सीमाएं सील फिर कौन कराता बाहरी लोगों को प्रवेश…?*
फर्रूखाबाद। जनपद की सीमाएं सील होने के बाद भी आखिर बाहरी कैसे जनपद में प्रवेश पा रहे है। इसको लेकर पुलिसिया नियंत्रण को सवाल खडे हो गये है। दबी जुबान से लोग बताते है कि सीमाओं पर मोटी न्यौछावर चढाने के बाद देर सवेर जनपद में घुसने पर मनाही नहीं है।
*जिलाधिकारी की मेहनत को जिम्मेदारों ने ही लगा दिया पलीता*
फर्रूखाबाद। अपनी अटूट मेहनत तत्परता और सधी निगाह से पूरे डेढ माह जिले को कोरोना संक्रमण से महफूज रखने वाले जिलाधिकारी मानवेन्द्र सिंह की पूरी मुहिम को चंद जिम्मेदारों ने ही पलीता लगा दिया। बतातें है कि दो दिन पूर्व क्वारेंटाइन में रखा गया यह युवक वहां से घर भाग गया था। क्षेत्र केे प्रधान, ग्राम सचिव, आशा, सफाई कर्मी, स्वास्थ्य कर्मी और थाना पुलिस एक तरफ से मूकदर्शक बने रहे। दो दिन तक उसने न जाने कितने लोगो को संक्रमित कर डाला होगा। यह बात तो वक्त के गर्भ की है लेकिन चंद लोगो की असावधानी से पूरा जिला संकट में पड गया। पूरे जिला प्रशासन में हडकंप मच हुआ है।
*कोरोना की दस्तक से जिला हुआ हाई एलर्ट*
फर्रूखाबाद। कोविड-19 की महामारी की दस्तक के चलते शमसाबाद में मिले कोरोना संक्रमित को कन्नौज मेडिकल काॅलेज एल- 1 हाॅस्प्टिल तिर्वा में भले ही भेज दिया गया हो लेकिन पहले केस के बाद जिला हाई एलर्ट में आ गया है। अब तक जिला ग्रीन जोन घोषित गया था। लेकिन पहले केस के बाद स्थितियां बदलनी तय है। आनन फानन में जिला प्रशासन में रणनीतियों का दौर शुरू कर दिया गया। सभी स्वास्थ्य सेवाओं को एलर्ट रहने को निर्देश दिए गए। जिले के एल-1 हाॅस्पिटल जांचे जाने लगे। स्वास्थ्य कर्मियो को हर पल तैयार रहने का संदेश दिया गया। जिले में यह खबर जंगल में आग जैसी फैल गई।