
इस बार गरीबों की होली और मीठी करेगी योगी सरकार, 3 महीने की चीनी देगी एक साथ
योगी सरकार ने एक अहम फैसला लिया है. इस बार उत्तर प्रदेश सरकार अंत्योदय कार्ड धारकों को 3 महीने की चीनी एक साथ देगी. बता दें, जनवरी, फरवरी और मार्च में दी जाने वाली चीनी इस बार कार्ड धारकों को मार्च में दी जाने वाली है. इसके लिए शासन ने निर्देश भी जारी कर दिए हैं. जानकारी के मुताबिक, यह चीनी 18 रुपये प्रति किलो की दर से दी जाएगी और 5 मार्च से इसका वितरण शुरू होगा.
अपर आयुक्त द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार चीनी के वितरण के लिए पोर्टेबिलिटी की सुविधा नहीं दी जाएगी. इसके लिए लाभार्थी को अपने आस-पास राशन की मूल दुकान पर जाकर ही चीनी लेनी होगी.
बताया जा रहा है कि यूपी के ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले अंत्योदय कार्ड धारकों को मिट्टी का तेल भी उपलब्धता की सीमा तक वितरित किया जाएगा. लेकिन प्राथमिकता उन लाभार्थियों को मिलेगी जिनके पास LPG सिलेंडर और बिजली दोनों का ही सुविधा नहीं है. मिट्टी का तेल जिलाधिकारी द्वारा निर्धारित दरों पर दिया जाएगा. साथ ही, अवशेष इसके स्टॉक का वितरण जिला स्तरीय अधिकारी की मौजूदगी में होगा. जानकारी के मुताबिक, तेल का वितरण नगरीय और ग्रामीण दोनों इलाकों में पहले ही बंद किया जा चुका है, लेकिन जो तेल बच गया है, उसे ग्रामीण इलाकों के अंत्योदय धारकों को दिया जाएगा.