
गृह मंत्रालय का आदेश- 31 मार्च तक जारी रहेंगी कोरोना गाइडलाइन
कोरोना वायरस को लेकर सरकार अलर्ट मोड पर है. आज गृह मंत्रालय ने आदेश जारी कर मौजूदा गाइडलाइंस को आगामी 31 मार्च तक बढ़ाने के आदेश दिए हैं. साथ ही गृह मंत्रालय ने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को टीकाकरण की रफ्तार बढ़ाने के आदेश भी दिए हैं. लगातार कम हो रहे कोरोना मामलों में बीते दिनों में कुछ इजाफा देखा गया है. महाराष्ट्र, केरल के अलावा कई और राज्यों में भी मामलों में इजाफा हुआ है.
आज सरकार ने निगरानी, कंटेनमेंट और सावधानी को लेकर पहले से लागू गाइडलाइंस को बढ़ाने के आदेश दिए हैं. ये गाइडलाइंस अब 31 मार्च तक जारी रहेंगी. इसके संबंध में गृहमंत्रालय ने आदेश जारी कर दिया है. वहीं, सरकार बढ़ते मामलों के बीच राज्य सरकारों को भी सलाह दे रही है. सरकार ने कहा है कि गिरते मामलों के बीच हमें निगरानी और कंटेनमेंट बनाए रखने की जरूरत है.
मंत्रालाय की तरफ से जारी विज्ञप्ति में कहा गया है कंटेनमेंट जोन को सावधानी के साथ सीमांकित किया जाना जारी रखा जाएगा. इन जोन में कंटेनमेंट उपाय का सख्ती से पालन करना होगा. इसके साथ ही कोरोना को लेकर ठीक व्यवहार को बढ़ावा दिया जा रहा है और नियमों को सख्ती से लागू कराया जा रहा है. सरकार ने कहा है कि 27 जनवरी 2021 को जारी गाइडलाइंस का ध्यान रखा जाना चाहिए.
समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, गृहमंत्रालय ने कहा जब एक्टिव और नए कोरोना मामलों में गिरावट देखी जा रही है, तो निगरानी और कंटेनमेंट बनाए रखने की जरूरत है. सरकार ने राज्य और केंद्र शासित प्रदेशों को लक्षित आबादी को दिए जा रहे टीके लगाने की प्रक्रिया को तेज करने की सलाह दी है. देश में बीती 16 जनवरी से दुनिया का सबसे बड़ा वैक्सीन प्रोग्राम शुरू हो गया था. सरकार पहले चरण में स्वास्थकर्मियों को टीका दे रही है.