
यूसुफ पठान और विनय कुमार ने लिया संन्यास
टीम इंडिया के ऑलराउंडर यूसुफ पठान ने अंतर्राष्ट्रीय और घरेलू क्रिकेट को अलविदा कह दिया है. दाएं हाथ के इस विस्फोटक बल्लेबाज ने भारत के लिए 57 वनडे मैचों में 810 रन बनाए, वहीं 22 टी20 मैचों में उनके नाम 236 रन रहे. यूसुफ पठान ने 2 वनडे शतक और 3 अर्धशतक भी ठोके. यूसुफ ने 33 वनडे और 13 टी20 विकेट भी अपने नाम किये.
यूसुफ पठान ने आज ट्विटर पर अपने संन्यास का ऐलान किया. उन्होंने बेहद ही भावुक संदेश पोस्ट कर अपने फैंस और चाहने वालों का शुक्रिया अदा किया. यूसुफ पठान ने लिखा, मुझे याद है जिस दिन मैंने पहली बार भारत की जर्सी पहनी थी. मैंने ही सिर्फ वो जर्सी नहीं पहनी थी, वो जर्सी मेरे परिवार, कोच, दोस्त और पूरे देश ने पहनी थी. मेरा बचपन, जिंदगी क्रिकेट के ही इर्द-गिर्द बीता और मैं अंतर्राष्ट्रीय, घरेलू और आईपीएल क्रिकेट खेला. लेकिन आज कुछ अलग है. आज कोई वर्ल्ड कप या आईपीएल फाइनल नहीं है लेकिन ये उतना ही अहम दिन है. आज बतौर क्रिकेटर मेरे करियर पर पूर्ण विराम लग रहा है. मैं आधिकारिक तौर पर संन्यास का ऐलान करता हूं.
यूसुफ पठान ने अपने पोस्ट में दो वर्ल्ड कप जीतने और सचिन तेंदुलकर को कंधे पर उठाकर मैदान का चक्कर लगाने वाले पल को करियर का यादगार लम्हा बताया. बता दें यूसुफ पठान साल 2007 टी20 वर्ल्ड कप और वर्ल्ड कप 2011 जीतने वाली टीम इंडिया के सदस्य रहे. यूसुफ पठान ने लिखा कि उन्होंने अंतर्राष्ट्रीय डेब्यू एमएस धोनी, आईपीएल डेब्यू शेन वॉर्न और घरेलू क्रिकेट में डेब्यू जैकब मार्टिन की कप्तानी में किया. पठान ने अपने तीनों कप्तानों का शुक्रिया अदा किया. साथ ही यूसुफ पठान ने केकेआर के कप्तान गौतम गंभीर को भी शुक्रिया कहा जिनकी कप्तानी में केकेआर 2 बार आईपीएल चैंपियन बनी.
वहीं दाएं हाथ के तेज गेंदबाज विनय कुमार ने भी क्रिकेट को अलविदा कह दिया है. आज विनय कुमार ने सोशल मीडिया पर सभी फॉर्मेट से संन्यास का ऐलान किया. 37 साल के इस तेज गेंदबाज ने साल 2010 में भारत के लिए डेब्यू किया था और उन्होंने 31 वनडे में 38 विकेट अपने नाम किये. इसके अलावा विनय कुमार ने 9 टी20 में 10 विकेट भी लिये. साथ ही विनय कुमार ने एक टेस्ट मैच भी खेला जिसमें उन्हें एक विकेट मिला. विनय कुमार को भारतीय घरेलू क्रिकेट के सबसे अच्छे तेज गेंदबाजों में से एक कहा जाए तो गलत नहीं होगा. विनय कुमार ने 139 फर्स्ट क्लास मैचों में कुल 504 विकेट अपने नाम किये. साथ ही इस दिग्गज गेंदबाज ने 225 लिस्ट ए और 194 टी20 विकेट भी झटके.