पुलिस ने किया खुलासा, एकतरफा प्रेम में कीटनाशक पिलाकर की हत्या, आरोपी ने जुर्म कबूला

उन्नाव कांड: पुलिस ने किया खुलासा, एकतरफा प्रेम में कीटनाशक पिलाकर की हत्या, आरोपी ने जुर्म कबूला

उत्तर प्रदेश में उन्नाव के असोहा क्षेत्र में बुआ-भतीजी की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत पर से पर्दा उठ गया है। यूपी पुलिस ने शुक्रवार शाम प्रेस कांफ्रेंस कर दावा किया कि एकतरफा प्यार में वारदात को अंजाम दिया गया।

उन्नाव कांड में सनसनीखेज खुलासा हुआ है। तीनों किशोरियों को जहर खिलाया गया था। पुलिस ने जहर देने वाले दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार एकतरफा प्यार में वारदात को अंजाम दिया गया है। किशोरियों को पहले चिप्स खिलाया गया फिर पानी के बहाने कीटनाशक पिला दिया गया था। आईजी लक्ष्मी सिंह ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि मृतक लड़कियों के परिजनों को मुख्यमंत्री राहत कोष से पांच लाख और घायल किशोरी को दो लाख दिया जाएगा।

उन्नाव में बुधवार को असोहा थाना क्षेत्र के बबुरहा नाले के पास सूर्यपाल के सरसों के खेत में बेहोशी की हालत में तीन किशोरियां मिली थीं। अस्पताल पहुंचाने पर दो किशोरियों की मौत हो गई थी। एक किशोरी का अब भी इलाज चल रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण जहर बताया गया था।

अस्पताल में भर्ती किशोरी से पड़ोस के गांव का विनय कुमार उर्फ लंबू प्यार करने लगा था। कई बार प्रपोज करने पर लड़की नहीं मानी तो कीटनाशक मिला पानी लेकर गया। लड़की को नमकीन खिलाया। पानी मांगने पर जहरीले पानी की बोतल पकड़ा दी। लड़की ने पानी पीया और साथ की दोनों किशोरियों को भी पिलाया। दोनों की मौत हो गई। पुलिस ने लंबू और उसके नाबालिग साथी को गिरफ्तार कर लिया है।

दरअसल पुलिस के हाथ शुक्रवार की सुबह अहम सुराग लगा था। घटनास्थल के पास से फोरेंसिक टीम को चिप्स का पैकेट मिला था। इस पैकेट को सुंघने के बाद खोजी कुत्‍ता एक दुकान की तरफ बार-बार जा रहा था। चिप्स इसी दुकान से खरीदा गया था। पुलिस ने इसी एंगल पर जांच की तो मामला खुलता चला गया। पुलिस ने दुकान से चिप्स और नमकीन के पैकेट ज़ब्त कर लिये थे।

वहीं पोस्टमार्टम करने वाले डाक्टरों का कहना है कि दोनों लड़कियों की मौत जहरीला पदार्थ खाने से हुई है। दोनों ने मौत से करीब 6 घंटे पहले खाना खाया था। दोनों के पेट में 100 से लेकर 80 ग्राम तक खाना मिला है। खाने में जहर होने की वजह से मौत हो गई। मृतक लड़कियों के शरीर पर चोट का कोई निशान नहीं मिला था।

About The Author

निशाकांत शर्मा (सहसंपादक)

Learn More →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अपडेट खबर के लिए इनेबल करें OK No thanks