प्रधान की हत्या के बाद फूटा गुस्सा, पुलिस को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा, जवानों ने भागकर बचाई जान

यूपी (जौनपुर) : प्रधान की हत्या के बाद फूटा गुस्सा, पुलिस को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा, जवानों ने भागकर बचाई जान

जौनपुर में मंगलवार की दोपहर ग्राम प्रधान की हत्या के बाद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। मौके पर पहुंची पुलिस पर लोगों ने हमला कर दिया। कई पुलिस वालों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा गया। पुलिस की गाड़ियों पर पथराव कर दिया गया। जबरदस्त पथराव से बचने के लिए पुलिस वाले अपनी गाड़ी छोड़कर पैदल ही जान बचाकर भागते दिखाई दिये। कई महिला पुलिसकर्मी भी ग्रामीणों के गुस्से का शिकार हुई हैं।

दरअसल शहर में एक बार फिर मंगलवार को दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया गया। बाइक सवार बदमाशों ने ग्राम प्रधान की गोली मारकर हत्या कर दी। सरायख्वाजा थाने के पास ही वारदात हुई। वारदात से गुस्साए लोगों ने पुलिस से शव छीनकर सड़क जाम कर दिया। कई वाहनों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया। लोगों के आक्रोश को देखते हुए घटनास्थल पर कई थानों की फोर्स भेजी गई है। घटना को आने वाले पंचायत चुनाव से जोड़कर देखा जा रहा है।

सोंधी शाहगंज ब्लाक के मखमेलपुर गांव के प्रधान राजकुमार यादव (50) मंगलवार को अपनी बाइक से जौनपुर शहर की तरफ आ रहे थे। सरायख्वाजा गांव के कंपोजिट विद्यालय के पास पीछे से आए बाइक सवार बदमाशों ने ओवरटेक कर रोक लिया और फिर कनपटी के पास असलहा सटाकर गोली मार दी। इससे घटनास्थल पर ही राजकुमार की मौत हो गई।

सूचना पाकर ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंच गए। गुस्साए ग्रामीणों ने मुख्य मार्ग पर जाम लगा दिया। सड़क पर आ-जा रहे वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेने की कोशिश की तो लोगों के आक्रोश का सामना करना पड़ा। अधिकारियों के साथ भारी पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची। लोगों को समझाने बुझाने की कोशिश हुई।

About The Author

निशाकांत शर्मा (सहसंपादक)

Learn More →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अपडेट खबर के लिए इनेबल करें OK No thanks