
पुलवामा हमले की बरसी पर आतंकी साजिश की कोशिश नाकाम, जम्मू से 7 किलो विस्फोटक बरामद
जम्मू-कश्मीर में आज पुलवामा हमले की दूसरी बरसी पर ऐसे ही हमले की आतंकियों की साजिश को सुरक्षाबलों ने नाकाम कर दिया है. सुरक्षा बलों ने यहां जम्मू में एक बस स्टैंड के पास 7 किलोग्राम विस्फोटक बरामद किया है. इतनी बड़ी मात्रा में विस्फोटक के पीछे आतंकियों की कोई बड़ी साजिश का अंदाजा मिलता है. हालांकि सुरक्षा बलों की ओर से इस बारे में फिलहाल विस्तृत जानकारी का इंतजार है. वहीं जम्मू जोन के पुलिस महानिदेशक मुकेश सिंह इस संबंध में आज शाम को प्रेस कॉन्फ्रेंस करके विस्तार से जानकारी देंगे.
वहीं मिल रही जानकारी के अनुसार जम्मू बस अड्डे से 7 किलो विस्फोटक सामग्री के साथ 1 संदिग्ध आतंकी को भी गिरफ्तार किया गया है, जो इस विस्फोटक मटेरियल को लेकर बस स्टैंड पहुंचा था. यह विस्फोटक सामग्री एक बैग में रखी गई थी. जम्मू शहर में आतंकियों ने एक बड़ा हमला प्लान किया था और उनके निशाने पर जम्मू रेलवे स्टेशन जम्मू बस अड्डा और जम्मू शहर का कोई मुख्य बड़ा बाजार था. यहां पर इसका इस्तेमाल किया जाना था.