
BJP ने लोकसभा में राहुल गांधी के खिलाफ दिया विशेषाधिकार हनन का प्रस्ताव
लोकसभा में भारतीय जनता पार्टी के सांसदों ने कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के खिलाफ विशेषाधिकार हनन का प्रस्ताव दिया है. बीजेपी सांसद पीपी चौधरी, संजय जायसवाल और राकेश सिंह ने सदन में राहुल गांधी के व्यवहार पर आपत्ति जताते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है.
बीजेपी सांसद संजय जायसवाल ने कहा कि मैंने पहली बार देखा जब सदन के अंदर एक सांसद ने सभी को मौन रखने के लिए खड़े होने का आदेश दिया हो. कुछ सांसदों ने उनके आदेश पर संसद में मौन भी रखा. इस पर लोकसभा को एक्शन लेना चाहिए. ये सदन का अपमान है.
बीजेपी सांसद राकेश सिंह ने कहा कि राहुल गांधी को अनुमति लेनी चाहिए थी, उन्हें अनुरोध करना चाहिए था. राहुल गांधी ने नियमों का उल्लंघन और प्रक्रियाओं का पालन नहीं किया है. यह सदन कांग्रेस पार्टी का कार्यालय नहीं है. मैं मांग करता हूं कि उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए. उन्होंने कहा कि लोकतंत्र के मंदिर की गरिमा को ठेस पहुंचाई गई है. राहुल गांधी ने 2 मिनट का मौन रखने का आदेश दिया, यह चौंकाने वाला है और इसे बर्दाश्त नहीं किया जा सकता है.