
कोरोना से UK भी डगमगाया, इकोनॉमी में आई 300 साल की सबसे बड़ी गिरावट
ब्रिटेन की इकोनॉमी को कोरोना वायरस महामारी के चलते 2020 में 300 से अधिक सालों में सबसे बड़ी गिरावट का सामना करना पड़ा. पिछले साल ब्रिटेन की इकोनॉमी में 9.9 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई. महामारी के चलते ब्रिटेन में दुकान और रेस्टोरेंट बंद हो गए. इसके अलावा महामारी ने ट्रैवल इंडस्ट्री और मैन्युफैक्चरिंग को तबाह कर दिया.
राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय ने कहा कि 2020 में आई आर्थिक गिरावट वैश्विक वित्तीय संकट के दौरान 2009 की गिरावट की तुलना में 2 गुने से अधिक है. यह गिरावट 1709 के बाद की सबसे बड़ी है, जब ग्रेट फ्रॉस्ट के रूप में प्रसिद्ध सर्दियां पड़ी थीं. तब ब्रिटेन मुख्यत: कृषि आधारित इकोनॉमी था.
ब्रिटेन के वित्त मंत्री ऋषि सुनक ने कहा, आज के आंकड़े बताते हैं कि महामारी के परिणामस्वरूप इकोनॉमी को गहरा झटका लगा है, जिसे दुनिया भर के देशों ने महसूस किया है. हालांकि सर्दियों के दौरान इकोनॉमी के लचीलेपन के कुछ सकारात्मक संकेत हैं, लेकिन हम जानते हैं कि वर्तमान लॉकडाउन का कई लोगों और व्यवसायों पर महत्वपूर्ण प्रभाव पड़ रहा है.