महिला पुलिस कर्मी एक सप्ताह से बना रही सुरक्षा कवच, बोली जंग जीतने के लिए सुरक्षित रहना जरूरी
हजारों मास्क किए तैयार
हाथरस। कोरोना वायरस के जंग में हर कोई किसी न किसी माध्यम से कंधे से कंधा मिलाकर चल रहा है। कोरोना को हराने के लिये देश के सभी लोग एकजुट दिख रहे हैं। कोई गरीबों, मजदूरों को भोजन और राशन सामग्री बाँट रहा है तो कोई मास्क, सेनेटाइजर दे रहे हैं। कोरोना से बचने के लिये मास्क सुरक्षा कवच के रूप में काम कर रहे हैं। वहीं यूपी सरकार ने भी मास्क पहनना अनिवार्य कर दिया है। इसके चलते हाथरस के पुलिस कर्मियों ने भी पहल शुरू कर दी। दिन रात सड़कों पर जंग लड़ रहे पुलिस कर्मियों की सुरक्षा करने के लिये हाथरस पुलिस लाइन में महिला पुलिस कर्मियों के द्वारा मास्क तैयार किए जा रहे है। जो जनपद के सभी थानों में तैनात पुलिस कर्मियों को दिए जाऐंगे। जिससे कोरोना की जंग में जुटे पुलिस कर्मियों की सुरक्षा की जा सके और देश से कोरोना भगाने में सफलता हासिल हो।
इस तरह तैयार हो रहे ये सुरक्षा कवच
हाथरस पुलिस लाइन में एक सप्ताह से दौ शिफ्टों मैं लगभग छः मशीनों के द्वारा मास्क तैयार किए जा रहे हैं । पंजाब केसरी की टीम ने जानकारी की तो दूसरी शिफ्ट जो एक बजे से चार बजे तक चलती है मैं महिला कांस्टेबल प्रीती ने बताया कि ममता, भाग्यशीला, राधा, विजयलक्ष्मी, नीतू अपनी महिला कांस्टेबल साथियों के साथ काम करके मास्क तैयार कर रही हैं। मास्क बनाने से पूर्व सैनेटाइजर से हाथ धोने के बाद ही मास्क बनाने का कार्य शुरू किया जाता है। अब तक हजारों की संख्या मैं मास्क तैयार कर चुकी हैं। जनपद के पुलिस अधीक्षक गौरव बंसवाल के निर्देशन में यह कार्य पुलिस लाइन में किया जा रहा है और जो भी मास्क बनकर तैयार हो रहे हैं उनको एसपी साहब जनपद के सभी थानों में भिजवा रहे हैं।
पुलिस कप्तान गौरव बंसवाल ने की सराहना
कोरोना की इस जंग से निपटने के लिये पुलिस लाइन में महिला सिपाहियों द्वारा मास्क तैयार किये जा रहे है, जो कोरोना की जंग में ड्यूटी कर रहे पुलिस कर्मियों के लिए सुरक्षा कवच की तरह काम करेगा और उनको सुरक्षित रखेगा। इन पुलिस कर्मियों के द्वारा बहुत ही सराहनीय कार्य किया जा रहा है।