
एटा – रिजर्व पुलिस लाइन एटा के परेड ग्राउण्ड में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया 72वां गणतंत्र दिवस, सराहनीय कार्य करने वाले अधिकारी/कर्मचारी हुए सम्मानित। जनपद एटा के पुलिस लाइन परेड ग्राउण्ड पर 72वें गणतंत्र दिवस के उपलक्ष्य में मुख्य अतिथि/जिलाधिकारी एटा श्री सुखलाल भारती द्वारा ध्वजारोहण किया गया। तदोपरान्त राष्ट्रीय गान की धुन पर सामूहिक गान हुआ । मुख्य अतिथि द्वारा परेड की टोलियों के निरीक्षण के उपरांत समस्त टोलियों द्वारा मार्च पास्ट कर मुख्य अतिथि महोदय को सलामी दी गयी। वरिष्ठ पुलिस अक्षीक्षक एटा श्री सुनील कुमार सिंह द्वारा परेड को संविधान उल्लिखित संकल्प पढ़कर शपथ ग्रहण कराई गयी, एंव उपस्थित सभी लोगों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनायें दी गयी। साथ ही समस्त पुलिस कर्मियों को उनके कर्तव्यों एवं दायित्वों का भलीभांति निर्वहन करने हेतु कहा गया। मुख्य अतिथि/जिलाधिकारी एटा ने कहा कि लम्बे संघर्ष एवं अनेकों वीरों की कुर्बानियों के बाद हमारे देश को स्वतंत्रता मिली और 26 जनवरी 1950 को हमारे देश का संविधान लागू हुआ। देश की स्वतंत्रता को बनाये रखने के लिए हमें आपसी द्वेष, जाति, वर्ग, भाषा, क्षेत्र की भावना को त्यागकर राष्ट्रीय एकता अखण्डता धर्म निरपेक्षता एवं सांप्रदायिक सौहार्द को मजबूत करते हुए मिल जुलकर शान्ति, प्रेम, अमन चैन, भाईचारे के साथ रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि जनपद में होने वाले आगामी चुनावों से पूर्व प्रत्येक व्यक्ति का ये कर्तव्य है कि वह अपने मताधिकार का प्रयोग करे, इसके लिए जनपद स्तर पर राष्ट्रीय मतदाता जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है। इसके उपरान्त वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एटा द्वारा जिलाधिकारी महोदय, मुख्य जिला न्यायधीश एवं अन्य प्रशासनिक अधिकारियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया, तथा जिलाधिकारी एटा द्वारा जनपद में बेहतर कानून-व्यवस्था बनाने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक महोदय को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में अपने अपने स्तर पर जनसेवा कर रहे संगठनों आदि को स्मृति चिन्ह भेंट किया गया। जिलाधिकारी तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा वर्ष 2020 में सराहनीय कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों/कर्मचारियों, पेंशनर्स, समाजसेवी तथा पुलिस मित्रों को भी सम्मानित किया गया। इसी क्रम में गणतंत्र दिवस की परेड में समस्त परेड कमांडर व टोलियों को संयुक्त रूप से सम्मानित किया गया। उन्हें प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। साथ ही डायल 112 पर कोरोना महामारी के दौरान अपनी सेवा देने वाले सभी कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसी क्रम में मुख्य आरक्षी श्री जगदीश सिंह को उनकी सराहनीय सेवाओं के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक से श्रीमान जिलाधिकारी महोदय द्वारा सम्मानित किया गया। तथा जनपद एटा के स्कूली एंव डांस एकेडमी के बच्चों द्वारा देशभक्ति गीतों पर सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गये। जिस क्रम में सभी प्रोग्राम करने वाले डांस एकेडमी व स्कूल के छात्र व छात्राओं को संयुक्त रूप से सम्मानित किया गया। उक्त मौके पर अपर पुलिस अधीक्षक एटा श्री ओमप्रकाश सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक अपराध एटा श्री राहुल कुमार, समस्त क्षेत्राधिकारीगण, अन्य पुलिसकर्मी एवं पुलिस कर्मियों के परिजन आदि उपस्थित रहे।