
*हाथ-पैर बांधकर चालक को खेत में फेंका, कबाड़ लदा कैंटर लूट ले गए बदमाश. मैनपुरी।* क्षेत्र में रविवार की रात डीसीएम सवार चार बदमाशों ने एक कैंटर चालक को बंधक बना लिया। मारपीट करने के बाद उसे हाथ-पैर बांधकर खेत में फेंक दिया। इसके बाद कैंटर लूट ले गए। किसी तरह से मुंह से कपड़ा हटने के बाद चालक ने शोर मचाया। तब ग्रामीणों ने उसे मुक्त कराया। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की है। पंजाब के फतेहगढ़ साहिब निवासी कुलवंत सिंह अपना ही कैंटर चलाते हैं। 24 जनवरी को वह कानपुर से कबाड़ लेकर पंजाब के लिए रवाना हुए थे। देर रात वह भोगांव थाना क्षेत्र में गांव अरमसराय के पास पहुंचे। पीड़ित के अनुसार तभी एक डीसीएम ने ओवरटेक कर रोक लिया। उसमें से उतरे दो लोगों ने पहले तो उससे शिकोहाबाद जाने का पता पूछा। पीड़ित के अनुसार उसके मना करते ही दोनों ने उसे गाड़ी से बाहर खींच लिया और पीटने लगे। इस बीच डीसीएम से दो अन्य बदमाश भी आ गए। चारों उसे पकड़ कर उसे पास ही खेत में ले गए। वहां हाथ-पैर और मुंह बांधकर डाल दिया। इसके बाद लुटेरे कैंटर लूट ले गए। किसी तरह से कुलवंत ने मुंह पर बंधा कपड़ा हटाने के बाद शोर मचाया। कुछ ग्रामीणों ने वहां आकर उसे मुक्त कराया। थाने पहुंचकर पीड़ित ने तहरीर दी। बताया कि कैंटर में कबाड़, 10 हजार की नकदी और मोबाइल भी रखा था। मुकदमा दर्ज करने के बाद पुलिस लुटेरों की तलाश में जुटी है। क्षेत्राधिकारी (सीओ) भोगांव अमर बहादुर सिंह ने कहा कि कैंटर चालक की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की टीमें लुटेरों की तलाश में लगी हुई हैं। जल्द ही वारदात का खुलासा किया जाएगा।