चालीस दिन के लंबे लॉकडाउन के बाद सोमवार को शहर में हॉट स्पाट से अलग इलाकों में शराब की दुकानें खुलीं। सरकार के ऐलान पर सुबह से ही लोगों की भीड़ शराब और बीयर की दुकानों पर जुटने लगी। कुछ जगह तो लोग राशन की दुकान की तरह एक घंटे पहले ही पहुंच गए। तो वहीं कई दुकानों पर शराब के शौकीन की लंबी कतारें लगी मिली, लेकिन एक बड़ी बात यहां दिखी। सभी शराब लेने पहुंचे लोगों ने सोशल डिस्टेंसिंग का पालन किया। पुलिस भी मौके पर व्यवस्था पर नजर बनाए दिखी। सुबह दस बजे से खुली दुकानों पर डेढ़ घंटे में काफी स्टाक बिक गया।
लॉकडाउन तीन के पहले दिन सरकार के निर्देश पर प्रशासन ने कुछ जगह शर्तों के साथ दुकानें खोली। शराब की दुकानें खोले जाने के आदेश होते सैकड़ों शराब के शौकीन दिल्ली रोड पर शराब की दुकान के आसपास पहुंचने लगे। वहीं खुशहालपुर में बाइन शॉप पर लोग गोल घेरे में खड़े मिले और बारी आने पर सामान लिया। इसके बाद टीम मझोली में शराब की दुकान की हकीकत जानने पहुंची। यहां भी लोगों की लंबी कतार मिली, लेकिन इस जगह भी लोग सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते दिखे।
इसके साथ ही पीलीकोठी पर स्थित मॉडल शाप पर शराब और बीयर के खरीदारों की लंबी कतारें दिखी। हर कोई बनाए गए गोल घेरे में सोशल डिस्टेंसिंग के साथ खरीदारी करता मिला। शराब की दुकानों पर भीड़ देखकर ऐसा लगा कि जैसे राशन की तरह यह भी लोगों की जरूरत का सामान है। आदेश होते ही लोग सुबह ही घरों से शराब की खरीदरी को निकल पड़े।