अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा झूठ और नफरत की राजनीति करती है

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा झूठ और नफरत की राजनीति करती है। चित्रकूट ऐतिहासिक, पुरातात्विक और धार्मिक स्थल है, भाजपा ने इसके विकास के लिए कुछ भी नहीं किया है। भाजपा सरकार घोटालों और भ्रष्टाचार की सरकार है। सर्वोच्च न्यायालय और उच्च न्यायालय ने भी माना है कि उत्तर प्रदेश में जंगलराज है। श्री यादव ने घोषणा की कि समाजवादी सरकार बनने पर चित्रकूट का सुंदरीकरण होगा, लक्ष्मण पहाड़ी का अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर विकास होगा। रामलीला के मंचन से जुड़े कलाकारों को धर्मजाति के भेद के बिना विशेष पेंशन दी जाएगी। चित्रकूट में बड़ी हवाई पट्टी भी बनेगी।
     श्री अखिलेश यादव ने आज चित्रकूट में कामदगिरि की परिक्रमा की। आज कामदगिरि की परिक्रमा के दौरान उन्होंने संतो, व्यापारियों, गुरूजनों, वरिष्ठ नागरिकों से आशीर्वाद लिया कि वह शक्ति मिले जिससे गरीबों की सेवा कर सकें और प्रदेश की सुखसमृद्धि के लिए समाजवादी सरकार बन सके। उन्होंने कहा कि भाजपा ने चित्रकूट की उपेक्षा कर रखी है।
     श्री यादव ने पत्रकार वार्ता में कहा कि चित्रकूट में रोप-वे का रंग रोगन तो हो गया परन्तु लक्ष्मण पहाड़ी, मंदिर परिसर और चित्रकूट के कई मार्ग उपेक्षा के शिकार हैं, भाजपा के चार साल पूरे हो रहे हैं पर सभी काम अधूरे हैं। समाजवादी सरकार के समय चित्रकूट में पर्यटन विकास के लिए बड़े विमानों और व्यवसायिक उड़ानों हेतु हवाई पट्टी का जो काम शुरू हुआ था भाजपा सरकार में ठप्प पड़ा है। विकास का कहीं पता नहीं।
     श्री अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी सरकार बनने पर लक्ष्मण पहाड़ी का अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर विकास किया जाएगा। इसे सुंदर बनाने का काम करेंगे। चित्रकूट के पुरातात्विक, ऐतिहासिक एवं पौराणिक महत्व को देखते हुए यहां नागरिक सुविधाएं बढ़ाई जाएंगी। नेता जी के समय चित्रकूट में कई विकास कार्य हुए थे। बाद में समाजवादी सरकार ने उस पर ध्यान दिया।
     उन्होंने कहा रामायण मेला का प्रारम्भ डाॅ0 लोहिया की प्रेरणा से हुआ था। परम्पराओं को जोड़ने का काम यहां रामायण मेला में जिन कलाकारों ने किया उन सभी को, जो मंच पर कला प्रदर्शन कर रहे थे, विशेष पेंशन समाजवादी सरकार बनने पर दी जाएगी। रामायण मेला से मर्यादा पुरुषोत्तम श्री राम के आदर्श जीवन के दर्शन होते हैं।
     श्री अखिलेश यादव ने कहा कि आज लोकतंत्र पर खतरा है। अमेरिका में घटी घटना चिंताजनक है। यहां उत्तर प्रदेश में सुप्रीमकोर्ट और हाईकोर्ट ने जंगलराज माना है। निर्दोषों पर झूठे मुकदमें और एनएसए नहीं लगाने को कहा है। फर्जी एनकाउण्टर और हिरासत में मौतों पर मानवाधिकार आयोग ने राज्य सरकार को नोटिसें दी हैं। श्मसान पर भी भ्रष्टाचार हो रहा है। बेकारी लगातार बढ़ रही है। किसानों को भाजपा सरकारों ने धोखा दिया है। समाजवादी किसान हैं खेती करते है। भाजपा राज में किसानों की आवाज नहीं सुनी जा रही है। भाजपा को इसकी कीमत चुकानी पड़ेगी।

About The Author

Team KNLS Live

Learn More →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अपडेट खबर के लिए इनेबल करें OK No thanks