प्रियंका गांधी का पोस्ट- PM मोदी ने रेलवे पर लगाया उद्दोगपति का ठप्पा, PIB ने बताया भ्रामक व गलत

कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने हाल ही में भारतीय रेलवे पर एक निजी कंपनी के विज्ञापन से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था. अब सरकार की प्रेस और सूचना इकाई- पत्र सूचना कार्यालय ने अपने फैक्टचेक के जरिये उसका खंडन किया है.
प्रियंका गांधी ने बीते सोमवार को एक वीडियो फेसबुक पर पोस्ट किया था. वीडियो के साथ प्रियंका ने लिखा था- जिस भारतीय रेलवे को देश के करोड़ों लोगों ने अपनी मेहनत से बनाया भाजपा सरकार ने उस पर अपने अरबपति मित्र अडानी का ठप्पा लगवा दिया. कल को धीरे-धीरे रेलवे का एक बड़ा हिस्सा मोदी जी के अरबपति मित्रों को चला जाएगा. देश के किसान खेती-किसानी को भी आज मोदी जी के अरबपति मित्रों के हाथ में जाने से रोकने की लड़ाई लड़ रहे हैं.
प्रियंका द्वारा शेयर इस वीडियो पर अब PIB ने फैक्टचेक करते हुए कहा है कि यह दावा गलत है. PIB Fact check ने ट्वीट कर कहा कि #फेसबुक पर एक वीडियो के साथ यह दावा किया जा रहा है कि सरकार ने भारतीय रेल पर एक निजी कंपनी का ठप्पा लगवा दिया है. पीआईबी फैक्टचेक ने दावा किया यह दावा भ्रामक है. यह केवल एक वाणिज्यिक विज्ञापन है जिसका उद्देश्य केवल गैर किराया राजस्व को बेहतर बनाना है.