
न्यूयॉर्क. अमेरिका (US) में सुरक्षा में चूक का एक बड़ा मामला सामने आया है. अमेरिका के लास वेगास (Las Vegas) के एयरपोर्ट पर एक फ्लाइट टेकऑफ करने ही वाली थी तभी यत्रियों को नज़र आया कि एक शख्स प्लेन के डैने पर चढ़ गया है. उसे वहां बैठा देख हवाई जहाज में मौजूद लोगों ने डर से चिल्लाना शुरू कर दिया. आतंकी हमले की आशंका से पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों को भी कॉल किया गया.
डेली मेल की रिपोर्ट के मुताबिक इस घटना का आतंकवाद से कोई कनेक्शन नहीं मिला है. शख्स वीडियो बनाने के चक्कर में प्लेन के पंखों पर चढ़कर बैठ गया था. जैसे ही सुरक्षाकर्मी इसे उतारने के लिए मौक़ा-ए-वारदात पर पहुंचे ये भागने लगा और फिसल कर नीचे गिर गया. फिलहाल इस शख्स को हिरासत में ले लिया गया है. लास वेगास मेट्रोपोलिटन पुलिस विभाग ने बताया कि शनिवार को मैकरन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर एक व्यक्ति अलास्का एयरलाइंस के विमान के डैने पर चढ़ गया. उड़ान में सवार एक यात्री एरिन इवांस ने बताया कि व्यक्ति डैने पर करीब 45 मिनट तक रहा. लॉस वेगास से पोर्टलैंड जा रहे विमान के पायलट ने उड़ान के पहले एक व्यक्ति को करीब आते हुए देखा और नियंत्रण टावर को इस बारे में सूचना दी.
यात्री इवांस ने घटना का वीडियो बनाया और उसे फेसबुक पर अपने पेज पर पोस्ट कर दिया. उन्होंने कहा कि हम उसे विमान के डैने पर देख हैरान रह गए. हमें लगा कि कहीं वह किसी आतंकी वारदात के लिए तो नहीं आया है. इस दौरान यात्रियों को विमान में ही रहने को कहा गया और उस व्यक्ति को विमान के डैने से उतरने को कहा गया. पुलिस ने हवाई अड्डे में अनधिकृत तौर पर घुसने वाले व्यक्ति को हिरासत में ले लिया है. मामले की जांच की जा रही है कि आखिर वह विमान के डैने तक कैसे पहुंच गया. अमेरिका में पहले भी ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं जिसमें अनाधिकृत व्यक्तियों की घुसपैठ से विमान को नुकसान पहुंचा है।