राजस्थान में 2 दिन में हुए बच्चों की मौत मामले ने पकड़ा तूल, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने बुलाई बैठक

राजस्थान में कोटा शहर के एक सरकारी अस्पताल में कल तीन और नवजात शिशुओं की मौत हो गई. इसके साथ ही, अस्पताल में पिछले 2 दिनों में होने वाली इस तरह की मौतों की संख्या बढ़ कर 12 हो गई. अधिकारियों ने यह जानकारी दी. जेके लोन अस्पताल में बृहस्पतिवार को 9 नवजात शिशुओं की मौत हो गई थी. ये सभी 1 से 4 दिनों के थे.अस्पताल के अधीक्षक सुरेश चंद दुलारा ने बताया कि कल 3 और नवजात शिशुओं की मौत हो गई जिनमें से 2, 1 दिन के थे और 1 अन्य 1 महीने का था.
कोटा-बूंदी से सांसद एवं लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कोटा में अपने कार्यालय में जिला प्रशासन और चिकित्सा अधिकारियों की शुक्रवार को बैठक बुलाई, जिसमें उन्होंने नवजात बच्चों की मौत के कारण के बारे में पूछा और अधिकारियों को अस्पताल की स्थिति में सुधार करने का निर्देश दिया. नवजात बच्चों की मौत पर बिरला ने शोक प्रकट किया और अस्पताल में उचित निगरानी किए जाने पर जोर दिया. बैठक के बाद उन्होंने संवाददाताओं से कहा- मैंने अस्पताल प्रशासन से बात की है और मामले पर रिपोर्ट मांगी है. जो भी बात सामने आएगी, उन पर मैं राज्य सरकार से चर्चा करूंगा. अधिकारियों ने बताया कि राजस्थान सरकार ने अस्पताल में नवजात बच्चों की मौत की जांच के लिए कल 4 सदस्यीय एक समिति का गठन किया जो 15 दिनों में अपनी रिपोर्ट सौपेंगी.