
बड़ी खबर: दरभंगा में ज्वेलरी शॉप से 5 करोड़ लूटकांड में 7 गिरफ्तार, मुख्य आरोपी भी सोना कारोबारी निकला
पांच करोड़ के सोना लूट मामले को पुलिस ने सुलझा लिया है. घटना के चौथे दिन पुलिस ने दिनदहाड़े हुई ज्वेलरी शॉप में हुए इस लूटकांड में सात आरोपियों को गिरफअतार किया है. बताया जा रहा है कि इसमें वह लाइनर भी शामिल है जिसकी मदद से इस कांड को अंजाम दिया गया था. मिली जानकारी के अनुसार मुख्य आरोपी दरभंगा का ही सोना कारोबारी निकला है. मिली जानकारी के अनुसार अभी भी पुलिस मधुबनी जिले के जयनगर में बाकी बचे अपराधियों को पकड़ने के लिए छापेमारी कर रही है.
एसएसबपी बाबू राम ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए कहा कि आभूषण के कारोबारी सोने के एक दुकानदार ने लाइनर की भूमिका निभाई थी. उसने अपना अपराध भी कबूल कर लिया है. उसके बताए टिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है. मधुबनी के अतिरिक्त हाजीपुर में भी छापेमारी की जा रही है. मिली जानकारी के अनुसार पुलिस ने अपराधी के रिश्तेदार को भी गिरफ्तार किया है. बताया जा रहा है कि अपराधियों ने रिश्तेदार के यहां रुक कर प्लान बनाया था. एसएसपी इस पूरी कार्रवाई के बारे में बाद में विस्तार से जानकारी देंगे.
बता दें कि दरभंगा शहर के बड़ा बाजार के बड़े व्यवसायी सुनील लाठ के प्रतिष्ठान में लूट की ये वारदात बीते 9 दिसंबर को हुई थी. इसमें 14 किलोग्राम सोना और कुछ कैश भी लूटा गया था. घटना सुबह करीब 10.30 बजे हुई थी. इसके तहत 6 हथियारबंद अपराधी करोड़ों रुपये का सोना लूट ले गए थे. वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी सड़क पर फायरिंग करते हुए आराम से चलते बने थे.वारदात भाजपा के नगर विधायक संजय सरावगी के घर से करीब 200 मीटर की दूरी पर हुई थी.