Google और Amazon पर डेटा प्राइवेसी के नियमों के उल्लंघन का आरोप, 16.3 करोड़ डॉलर का लगा जुर्माना

फ्रांस में डेटा निजता की निगरानी करने वाली संस्था सीएनआईएल ने गूगल पर 10 करोड़ यूरो यानि 12.1 करोड़ डॉलर और अमेज़न पर 3.5 करोड़ यूरो यानि 4.2 करोड़ डॉलर का जुर्माना लगाया है. दोनों पर ये जुर्माना देश के विज्ञापन कूकीज नियमों का उल्लंघन करने के लिए लगाया गया है. नेशनल कमीशन ऑन इंफोर्मेटिक्स एंड लिबर्टी ने एक बयान में कहा कि दोनों कंपनियों की फ्रांसीसी वेबसाइट ने इंटरनेट उपभोक्ताओं से विज्ञापन उद्देश्यों के लिए ट्रैकर्स और कूकीज को पढ़ने की पूर्वानुमति नहीं ली. ये कूकीज और ट्रैकर्स व्यक्ति के कंप्यूटर में खुदबखुद सहेज ली जाती हैं.
CNIL ने अपने बयान में कहा कि गूगल और अमेज़न उपभोक्ताओं को यह बताने में भी विफल रहीं कि वे इस काम के लिए इन कूकीज का उपयोग करेंगी और किस तरह उपभोक्ता इनके लिए मना कर सकते हैं. इसके साथ CNIL ने बताया कि दोनों ही कंपनियों ने सितंबर के महीने में अपनी वेबसाइट में कुछ बदलाव किए थे. जो कि फ्रांस के नियमों के हिसाब से नाकाफी थे.
फ्रांस की संस्था सीएनआईएल ने गूगल पर आरोप लगाते हुए कहा कि, उसने कूकीज की मदद से जो डेटा इकट्ठा किया था. उसके जरिए गूगल ने अनुचित तरीके से कमाई की है. जिसका सीधा असर करीब 50 मिलियन यूजर्स पर हुआ है. वहीं सीएनआईएल ने कहा कि जुर्माने की राशि नियमों के उल्लंघन के मुताबिक सटीक है.