कोरोना संभावित हॉटस्पॉट क्षेत्रों में कई एटीएम बंद कर दिए गए हैं। जिससे लोग कैश निकासी को लेकर परेशान हो उठे हैं। इंद्रा चौक, हरथला, लाइनपार समेत कई क्षेत्रों में कैश निकासी के लिए पहुंचे लोग एटीएम पर शटर गिरा देखकर मायूस होकर वापस लौट गए।
इंद्रा चौक क्षेत्र में कैश निकासी के लिए हमेशा आसपास के लोगों की भीड़ से घिरा रहने वाला एटीएम बंद कर दिया गया। इलाके के निवासी नोमान मंसूरी ने बताया कि इलाके में बैंक पहले से ही बंद हैं। एटीएम भी बंद कर दिए जाने से लोग परेशान हो उठे हैं। गुरुवार को सुबह से देर शाम तक बड़ी संख्या में लोग एटीएम का शटर गिरा देखकर वापस लौट गए। हरथला क्षेत्र में संचालित हो रहे कई एटीएम भी बंद कर दिए गए हैं। यहां प्रथमा बैंक की हरथला शाखा दो दिन पहले बंद कर दी गई थी। लाइनपार के चाऊ की बस्ती में कोरोना पॉजिटिव दो केस आने के बाद तकरीबन पूरे लाइनपार इलाके में भी बैंकिंग सेवा ठप हो गई है। कुछ एटीएम बंद होने से लोगों की दिक्कत बढ़ गई है।