राजस्थान पंचायत चुनाव में BJP का दबदबा, 1,833 सीटों पर जीती, कांग्रेस 1713 पर

राजस्थान में हुए पंचायत समिति और जिला परिषद चुनाव के परिणाम बीजेपी के पक्ष में रहे. राज्य चुनाव आयोग के मुताबिक, बीजेपी ने 1,833 सीटों पर जीत हासिल की है. तो वहीं सत्ताधारी दल कांग्रेस ने 1713 सीटों पर कब्जा जमाया है. तो वहीं पंचायत चुनाव के रिजल्ट के बीच सीकर में एक बड़ी घटना को अंजाम दिया गया. फतेहपुर शेखावाटी के बलोद बड़ी गांव में विवाद के बाद एक शख्स की मौत हो गई. बताया जाता है कि भाजपा प्रत्याशी की जीत के बाद झगड़ा हुआ. बीजेपी और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि एक शख्स की जान चली गई. मामले की गंभीरता को देखते हुए गांव में पुलिस बल को तैनात कर दिया गया है. हालात का जायजा लेने एस पी गगनदीप सिंगला भी बलोद गांव पहुंच गए हैं.
इधर, देशभर में चल रहे किसान आंदोलनके बीच गहलोत सरकार ने अन्नदाता को बड़ी राहत देने का ऐलान किया है. किसान संगठनों की ओर से कल बुलाये गये भारत बंद की पूर्व संध्या पर गहलोत सरकार ने अहम फैसला करते हुये प्रदेश में डार्क जोन में 2011 से ट्यूबवैल और कुंए खोदने पर लगी रोक को हटाने का फैसला किया है. अब प्रदेशभर में किसान और आम लोग सहित 5 कैटेगरी में ट्यूबवैल के लिए किसी तरह की अनुमति लेने की जरूरत नहीं होगी. सीएम अशोक गहलोत की अध्यक्षता में सोमवार शाम को हुई कैबिनेट और मंत्रिपरिषद की बैठक में यह निर्णय लिया गया है.