
*ताजमहल के बाद अब कुतुब मीनार के अंदर भी मंदिर का दावा, ऐतिहासिक इमारत में पूजा की अनुमति मांगी, कोर्ट में केस* अयोध्या में राम मंदिर निर्माण को लेकर सुप्रीम कोर्ट के ऐतिहासिक फैसले के बाद मथुरा में कृष्ण जन्मभूमि को लेकर भी अदालती लड़ाई लड़ी जा रही है। अब ये अदालती लड़ाई राजधानी दिल्ली की पहचान माने जाने वाले कुतुब मीनार को लेकर भी छिड़ गई है। दरअसल *दिल्ली की साकेत कोर्ट में* मध्यकालीन समय में बनी इस ऐतिहासिक धरोहर में पूजा-अर्चना के लिए याचिका दायर की गई है।बता दें कि कुल 5 लोगों की ओर से ये मुकदमा दर्ज किया गया है। जिसमें पहले याची तीर्थकर भगवान ऋषभदेव हैं, जिनकी तरफ से हरिशंकर जैन ने और दूसरे याचिकाकर्ता भगवान विष्णु हैं, जिनकी ओर से रंजना अग्निहोत्री ने केस दर्ज किया है। याचिका में कहा गया है कि कुतुबमीनार में हिंदू और जैन देवी देवताओं की फिर से स्थापना किए जाने और फिर से पूजा-पाठ किए जाने का रास्ता अदालत साफ करे। याचिकाकर्ताओं का पक्ष है कि मीनार निर्माण से पहले वहां मंदिर हुआ करता था। अब इस मामले में 24 दिसंबर को अगली सुनवाई होगी।