शहर के थानों पर जल्द एक 108 एंबुलेंस और एक 102 एंबुलेंस मौजूद रहेगी। थाना से सूचना मिलते ही डिमांड के हिसाब से एंबुलेंस के कोरोना वारियर्स मौके पर पहुंचकर लोगों को उनके ठिकानों पर पहुंचाएंगे। अभी तक सूचना करने के बाद एंबुलेंस को पहुंचने में हो रही देरी के चलते प्रशासनिक स्तर पर यह निर्णय लिया। एक दो दिन में यह व्यवस्था शुरू हो जाएगी। प्रथम चरण में हॉट स्पॉट वाले छह थानों को लिया गया है, जिससे सूचना मिलते ही अगले पल एंबुलेंस मौके पर पहुंच जाए ।
कोरोना संक्रमण के चलते एक माह से चल रहे लॉक डाउन में आपातकालीन एंबुलेंस सेवा 108 और 102 के चालक पूरी जीजान से संक्रमित और पॉजिटिव को घरों क्वारंटाइन और आइसोलेशेन वार्ड तक पहुंचा रहे हैं, इसके बाद भी कभी-कभी देरी भी हो रही है। इसकी वजह दूरी से वाहनों का पहुंचना भी है। एंबुलेंस की सेवा तत्काल मौके पर पहुंचे इसको लेकर अफसरों ने अब नई व्यवस्था बनाई है, जिसमें प्रथम चरण में हॉट स्पॉट वाले इलाकों के छह थानों में से हर एक थाने पर एक 108 और एक 102 एंबुलेंस रखने के निर्देश जारी है। संबंधित थानों पर सूचना पहुंचते ही वहां एंबुलेंस बताए स्थानों को रवाना होगी । स्वास्थ्य विभाग अफसरों ने बताया कि फिलहाल सिविल लाइंस, कोतवाली सिटी, कोतवाली कटघर, मुगलपुरा, नागफनी और गलशहीद थाने को लिया गया। एक एक 108 और102 एंबुलेंस दी जा रही है, जिनको मुसीबत में फंसे लोगों को बेहतर उपचार के लिए इस्तेमाल किया जाएगा । वैसे 108 एंबुलेंस से कोरोना संक्रमित को लाया जाएगा, वहीं 102 एंबुलेंस का इस्तेमाल महिला और बच्चों को लाने में होगा ।