*_एटा पुलिस की सक्रियता के चलते टली बड़ी अनहोनी, नाराज होकर घर से निकले बालक को जावड़ा चौकी पुलिस ने सोशल मीडिया के माध्यम से फिर से मिलाया_*
दिनांक 29.04.2020 को जनपदीय सोशल मीडिया सेल को सूचना मिली कि एक बच्चा शानू राठौर पुत्र संतराम राठौर निवासी भगीपुर उम्र करीब 14 वर्ष जो डीपीएस स्कूल में कक्षा नौवीं का छात्र है, परिजनों द्वारा किसी बात पर डांट दिए जाने पर घर से बिना बताए नाराज होकर निकल गया है। इस सूचना पर जनपदीय सोशल मीडिया सेल द्वारा तत्परता के साथ बच्चे का हुलिया तथा फ़ोटो विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफार्म (व्हाट्सएप, फ़ेसबुक, ट्विटर) पर प्रसारित कर दिया गया साथ ही कंट्रोल रूम को भी अवगत कराया गया, कंट्रोल रूम द्वारा सेट के माध्यम से बच्चे की गुमशुदगी के संबंध में आसपास के थानों को मैसेज पास किया गया। बच्चे की गुमशुदगी के सम्बंध में सूचना मिलने पर कोतवाली देहात स्थित जावड़ा चौकी पर तैनात चौकी प्रभारी यतेंद्र सिंह तेवतिया, आरक्षी बलदेव सिंह तथा आरक्षी आशीष द्वारा क्षेत्र में सतर्क दृष्टि रखी जा रही थी कि तभी रात के करीब 11.30 बजे जावड़ा नहर पुल के पास एक बच्चे को अकेले जाते देखा, संदिग्धता के आधार पर बच्चे को रोककर पूछताछ की तो उसने कुछ नहीं बताया फिर कड़ाई से पूछा तो उसने बताया कि वो घरवालों से नाराज होकर घर से आ गया है तथा टूंडला जा रहा है। इस पर उपनिरीक्षक यतेंद्र सिंह तेवतिया द्वारा तत्काल सोशल मीडिया सेल को सूचित किया गया तथा साथ ही परिजनों को भी सूचित किया गया तथा परिजनों को बुलाकर बच्चे को उनके सुपुर्द कर दिया गया अपने बच्चे को सकुशल पाकर परिजन भावुक हो गए तथा पुलिस का ह्रदय से आभार व्यक्त किया। पुलिस द्वारा किये गए इस मानवीय कार्य की आमजन द्वारा भी भूरि-भूरि प्रशंसा की जा रही है।