उत्तर प्रदेश (महराजगंज) : मां के अंतिम संस्कार तक के लिए नहीं थे पैसे, शव को साड़ी में लपेट गंडक नदी में किया प्रवाहित

कोठीभार थाना क्षेत्र में एक हृदय विदारक घटना सामने आई है। गरीबी के चलते बुजुर्ग बीमार मां की मौत के बाद अंतिम संस्कार करने में असमर्थ बेटे ने शव को साड़ी में लपेट कर छोटी गंडक नदी में जल प्रवाहित कर दिया।
तीसरे दिन एक किमी दूर दूसरे गांव के समीप नदी में साड़ी में लिपटी लाश को देख ग्रामीणों ने शोर मचाया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। शव को नदी से बाहर निकाल पहचान की कोशिश शुरू हुई। थोड़ी ही देर में यह पता चल गया है कि महिला पड़ोसी गांव की रहने वाली थी। तीन दिन पहले बीमारी के चलते उसकी मौत हो गई थी। गरीबी के चलते बेटे ने शव को नदी में जल प्रवाहित कर दिया था। जांच-पड़ताल के बाद पुलिस ने नदी के बगल में महिला के शव को दफन कर अंतिम संस्कार कराया।
महिला की पहचान कोठीभार थाना क्षेत्र के सोनबरसा गांव कीनिवासी के रूप में हुई। साड़ी से लिपटी उसकी लाश मंगलवार को हरपुर पकड़ी के डाढ़ टोला के समीप छोटी गंडक नदी में उतराती हुई मिली। पहले तो यह आशंका जताई गई कि किसी ने महिला की हत्या कर शव को नदी में फेंक दिया था। यह खबर क्षेत्र में आग की तरफ फैल गई। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। सिसवा चौकी इंचार्ज राजेश मिश्रा भी पहुंचे। ग्राम प्रधान को बुलाकर जांच-पड़ताल शुरू की गई। शव को नदी से बाहर निकाला गया। महिला के बेटे को भी मौके पर बुलाया गया। उसने बताया कि गरीबी के चलते वह अंतिम संस्कार की स्थिति में नहीं था। गरीबी के चलते बेटे की शादी भी नहीं हो पाई है। लोगों के कहने पर बेटे ने मां के शव का जल प्रवाहित कर दिया।
अमरजीत यादव, प्रभारी निरीक्षक,कोठीभार का कहना है कि तीन दिन पहले बुजुर्ग महिला की मौत हुई थी। बेटे ने शव का जल प्रवाहित कर दिया था। मंगलवार को हरपुर पकड़ी गांव के सामने नदी में शव मिला। शव को बाहर निकालकर जांच-पड़ताल के बाद उसको दफन करा दिया गया।