
गया-सीआरपीएफ के कोबरा बटालियन और गया पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में दस लाख का इनामी नक्सली आलोक यादव मार गिराया गया है। मामला गया जिले के बाराचट्टी का है। बाराचट्टी के महुअरी में ये कार्रवाई की गई है। एडीजी लॉ एंड आर्डर अमित कुमार के अनुसार शनिवार की देर रात पुलिस और सीआरपीएफ 205 कोबरा बटालियन को कुख्यात नक्सली व जोनल कमांडर आलोक यादव उर्फ संतोष यादव उर्फ गुलशन जी उर्फ रवि के मूवमेंट की जानकारी मिली थी। इसके ऊपर 10 लाख का इनाम था। इसी के बाद महुआरी गांव में जॉइंट ऑपरेशन चला।
जवाबी कार्रवाई में मारा गया नक्सली
महुअरी गांव में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। इसमें नक्सली आलोक यादव भी पहुंचा था और चादर ओढ़कर कार्यक्रम में बैठा हुआ था। इस दौरान ही उसने फायरिंग कर दी जिसमें दो ग्रामीणों की मौत हो गई। कोबरा बटालियन और पुलिस के जवान भी चादर ओढ़कर कार्यक्रम में बैठे हुए थे। जवाबी फायरिंग में नक्सली को कोबरा बटालियन के जवानों ने ढेर कर दिया।
एडीजी ने बताया कि दो ग्रामीण जयराम यादव और बीरेंद्र यादव की भी लाश मिली है। मुठभेड़ में आलोक यादव के साथी विकास उर्फ टाइगर, जितेंद्र यादव और विजय कुमार घायल हो गए थे। सभी घायलों को पीएमसीएच भेजा गया था, इसमें विकास उर्फ टाइगर की इलाज के क्रम में मौत हो गई। इस मुठभेड़ में 205 कोबरा के सब इंस्पेक्टर कन्हैया सहनी भी घायल हुए हैं। मारे गए नक्सली के पास से एक AK 56 और एक इंसास रायफल, काफी संख्या में गोली व नक्सली सामग्री बरामद की गई है।