खुशहाल परिवार दिवस के रूप में पुरुष नसबंदी पखवाड़े का हुआ शुभारम्भ

एटा ! परिवार नियोजन में पुरुषों की भागीदारी, जीवन में लाए स्वास्थ्य और खुशहाली इस नारे के साथ जिले में पुरुष नसबंदी पखवाड़े को प्रारंभ किया गया। पुरुष नसबंदी पखवाड़े का उद्देश्य पुरुष नसबंदी के बारे में समाज को जागरूक करना एवं खुशहाल परिवार दिवस का मुख्य उद्देश्य सामुदायिक तौर पर परिवार नियोजन व उसके साधनों के विषय में जागरूकता फैलाना है। इस मौके पर सभी वीएचएनडी एवं प्राथमिक व सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर खुशहाल परिवार दिवस का आयोजन किया गया।
नोडल अधिकारी परिवार नियोजन/उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ आर. एन. गुप्ता ने बताया कि आज से पुरुष नसबंदी पखवाड़े की शुरुआत की गई है जिसका मुख्य उद्देश्य पुरुष नसबंदी के बारे में समाज में जागरूकता लाना व पुरुष नसबंदी को स्वीकार करने के लिए पुरुषों को प्रेरित करना है। उन्होंने बताया पखवाड़े के प्रारंभ के साथ ही एक लाभार्थी की नसबंदी की गई है। व अब प्रथम चरण की शुरुआत हो चुकी है जिसमें दंपतियों से संपर्क किया जाएगा। तत्पश्चात द्वितीय चरण सेवा वितरण सप्ताह 28 नवंबर से 4 दिसंबर तक पुरुष नसबंदी की जाएंगी। उन्होंने बताया कि जिला एटा प्रदेश में पुरुष नसबंदी में द्वितीय स्थान पर है।पुरुष नसबंदी अपनाने वाले लाभार्थियों को रुपए 3000 राशि देने का प्रावधान है। एवं प्रेरक को 400 रुपए प्रदान किए जाते हैं।
नोडल अधिकारी ने बताया कि नई पहल खुशहाल परिवार दिवस का भी प्रारंभ किया जा चुका है जिसका मुख्य उद्देश्य नव दंपतियों व अपना परिवार पूरा कर चुके दंपतियों को परिवार नियोजन व परिवार नियोजन के साधनों के विषय में विस्तृत रूप से जानकारी देकर परिवार नियोजन के अस्थाई अथवा स्थाई साधन अपनाने के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने बताया कि खुशहाल परिवार दिवस सभी वीएचएनडी ,प्राथमिक व सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, जिला अस्पताल में आयोजित किया गया है। व अब से प्रत्येक माह की 21 तारीख को खुशहाल परिवार दिवस के रूप में मनाया जाएगा।
पुरुष नसबंदी पखवाड़ा व खुशहाल परिवार दिवस के शुभारंभ के मौके पर नोडल अधिकारी/डिप्टी सीएमओ डॉ आर. एन. गुप्ता, एसीएमओ डॉ बी. डी. भिरोरिया, डीपीएम मो. आरिफ, डीसीपीएम जुबेर खान, लॉजिस्टिक मैनेजर परिवार नियोजन अवनीश पाठक, जिला परिवार नियोजन विशेषज्ञ आशीष दुबे, परिवार नियोजन परामर्शदाता स्नेहलता आदि मौजूद रहे।