कांग्रेस अध्यक्षा सोनिया गांधी ने गठित की 3 नई कमेटी, राहुल-प्रियंका का नाम नही

कांग्रेस में चल रही अंतर्कलह के बीच 3 नई कमेटियों का गठन किया गया है. कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी ने यह 3 कमेटी बनाई है. इस कमेटी में राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा को जगह नहीं दी गई है. वहीं पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को इन समितियों में जगह मिली है.
आर्थिक, विदेश मामलों और राष्ट्रीय सुरक्षा को लेकर कांग्रेस पार्टी ने 3 कमेटियां बनाई हैं. तीनों कमेटियों में पूर्व प्रधानमंत्री डॉक्टर मनमोहन सिंह का नाम शामिल है. पार्टी में बगावती सुरों के बीच इन समितियों में गुलाम नबी आजाद, आनंद शर्मा और शशि थरूर को भी जगह मिली है.
आर्थिक मामलों को लेकर बनी समिति में पूर्व वित्त मंत्री पी चिदंबरम और दिग्विजय सिंह का नाम शामिल है. वहीं, राष्ट्रीय सुरक्षा के मसले पर बनी कमेटी में राज्यसभा में नेता विपक्ष गुलाम नबी आजाद को शामिल किया गया है. विदेश मामलों को लेकर बनी समिति में पूर्व विदेश मंत्री सलमान खुर्शीद को संयोजक बनाया गया है.
कांग्रेस पार्टी में बगावत का बिगुल जोरों पर है और लगातार पार्टी में फैले भ्रम को लेकर पार्टी के शीर्ष नेतृत्व पर सवाल खड़े हो रहे हैं ऐसे में इन कमेटियों का गठन करना अपने आप में नेता और कार्यकर्ताओं को यह संदेश देना है कि सोनिया गांधी न सिर्फ सक्रिय हैं बल्कि उस बगावती चिट्ठी में उठाए गए मसलों को लेकर काम भी कर रही हैं.