PM मोदी के आह्वान पर ‘आत्मनिर्भर भारत’ के लिए संत समाज आया आगे, लोगों से की अपील

कोरोना काल में लोगों को एक-दूसरे की मदद की जरूरत पड़ी. ऐसे में हजारों हाथ सहयोग के लिए आगे बढ़े. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी देश के लोगों को आत्मनिर्भर भारत और वोकल फॉर लोकल का संदेश दिया. इसके लिए उन्होंने संत समाज से भी लोगों को प्रेरित करने की अपील की थी. उनकी इस अपील को संत समाज ने स्वीकारा और आत्मनिर्भर भारत व वोकल फॉर लोकल अभियान को आगे बढ़ाने में मदद की. श्री श्रीरविशंकर, सदगुरु, देवकीनंदन ठाकुर, स्वामी रामदेव सहित अन्य संत-महंत और आचार्यों ने ट्वीट करके इस संदेश का समर्थन किया.
बाबा रामदेव ने लिखा- भारत को सभी दिशाओं से आत्मनिर्भर बनाने के लिए तथा आर्थिक व सांस्कृतिक लूट से बचाने के लिए पतंजलि संस्था व हमारे करोड़ों समर्थक संकल्पित हैं, हम सभी महापुरुषों से भी संपर्क करके इस स्वदेशी आंदोलन को आगे बढ़ाने के लिए पूर्ण पुरुषार्थ करके इसे मूर्तरूप देंगे. श्री श्री रविशंकर ने ट्वीट किया प्रधानमंत्री मोदी जी के आत्मनिर्भर भारत के आवाहन का समर्थन करते हुए हमारे युवाओं ने सोशल मीडिया @ElymentsApp बनाया है. दैनिक उपयोग में आने वाली वस्तुओं के क्षेत्र में भी आत्मनिर्भर भारत के निर्माण के लिए @SriSriTattva एवं @ArtofLiving पूर्ण रूप से समर्पित हैं.
देवकीनन्दन ठाकुर भी आगे आते हुए बोले आदरणीय श्री मोदी जी द्वारा वोकल फॉर लोकल के माध्यम से स्वर्णिम आत्मनिर्भर भारत का निर्माण निःसंदेह सकल राष्ट्र के लिए कल्याणकारी सिद्ध होगा. आपके आह्वान पर हमने #Vocal4Local को जीवन का पर्याय बना लिया है. अब स्वदेशी वस्तु और आत्मनिर्भर भारत ही हमारा एकमात्र लक्ष्य है.
पीएम मोदी ने अपील करते हुए कहा था, जिस प्रकार आजादी के आंदोलन की पीठिका भक्ति आंदोलन से शुरू हुई, वैसे ही आत्मनिर्भर भारत की पीठिका हमारे संत-महंत-आचार्य तैयार कर सकते हैं. हर व्यक्ति तक वोकल फॉर लोकल का संदेश पहुंचते रहना चाहिए. मैं संतों-महापुरुषों से विनम्र निवेदन करता हूं कि आइए, हम इसके लिए आगे बढ़ें.