सुशील कुमार मोदी ने बदला अपना ट्विटर बायो, प्रोफाइल से हटाया डिप्टी CM

बिहार विधानसभा चुनाव 2020 में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन ने 125 सीट जीतने के बाद जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को नेता चुन लिया है. यही नहीं, नीतीश ने राज्यपाल फागू चौहान से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश कर दिया है और आज शाम 4:30 बजे शपथ ग्रहण का कार्यक्रम तय किया गया है.
जबकि नीतीश के साथ लंबे अरसे से जोड़ी बनाने वाले सुशील कुमार मोदी के उपमुख्यमंत्री बनने पर संशय कायम है. यही नहीं, उनके उपमुख्यमंत्री बनाने के सवाल पर नीतीश कुमार ने कहा कि यह सब थोड़ी देर में तय हो जायेगा. जबकि भाजपा के दिग्गज नेता राजनाथ सिंह ने भी उपमुख्यमंत्री के नाम के बारे में पूछे जाने पर कहा कि उचित समय पर जानकारी दे दी जायेगी.
एनडीए विधानमंडल दल की बैठक में सुशील कुमार मोदी ने कहा कि पार्टी ने मुझे बहुत कुछ दिया है, नेता प्रतिपक्ष बनाया, उपमुख्यमंत्री बनाया, विधानमंडल दल का नेता बनाया, लेकिन इस बार मैं चाहता हूं कि कोई चुना हुआ विधायक ही विधानमंडल दल का नेता हो. जबकि खुद सुशील कुमार मोदी ने ही तारकिशोर प्रसाद का नाम विधानमंडल दल के नेता के रूप में प्रस्तावित किया, जिस पर प्रेम कुमार और नंदकिशोर यादव ने समर्थन किया. दूसरी तरफ विधानमंडल दल के उप नेता का नाम रेणु देवी का प्रस्ताव विजय सिन्हा ने किया जिसका समर्थन संजय सरावगी ने किया. नोनिया समाज से आने वाली रेणु देवी बेतिया से चौथी बार विधायक बनी हैं.