यूपी में MLC चुनाव..

लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी ने उत्तर प्रदेश में होने वाले विधान परिषद चुनाव के लिए सोमवार को 9 उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कर दिया है। विधान परिषद के स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए एक दिसंबर को चुनाव होगा। इससे पहले कांग्रेस और समाजवादी पार्टी अपने उम्मीदवार चुनावी मैदान में उतार चुकी है। विधान परिषद के चुनाव की नामांकन प्रक्रिया पांच नवंबर से शुरू हो चुकी है। उत्तर प्रदेश के अलावा भाजपा ने महाराष्ट्र में भी चार उम्मीदवार उतारे हैं।
11 में से 9 उम्मीदवार उतारे
प्रदेश में एक दिसंबर को विधान परिषद शिक्षक-स्नातक के चुनाव के लिए मतदान होगा। इसमें शिक्षक क्षेत्र के छह और स्नातक क्षेत्र की पांच सीटों पर मतदान होगा। भाजपा ने अभी 11 में से 9 उम्मीदवार उतारे हैं। 12 नवंबर तक नामांकन प्रक्रिया होगी। इसके बाद 17 नवंबर तक नाम वापस लिया जा सकेगा। मतदान सुबह आठ बजे से शुरू होकर शाम पांच बजे तक होगा। इसका परिणाम तीन दिसंबर को आएगा। प्रदेश के 11 शिक्षक-स्नातक विधान परिषद सदस्यों का कार्यकाल छह मई 2020 को समाप्त हो गया था। लेकिन कोरोना संकट काल के चलते चुनाव प्रक्रिया में देरी हुई।