
किसानों और शहरवासियों का इसी प्रकार से सहयोग मिलता रहा तो मोदी इंडस्ट्रीज में नए-नए उद्योग लगेंगे, शहर का तेजी से विकास होगा , किसान निश्चिंत रहें गन्ना आपूर्ति का एक-एक पैसे का भुगतान किया जायेगा – चेयरमैन,मोदी इंडस्ट्रीज लि0
मोदी नगर सेठ उमेश कुमार मोदी, मोदी शुगर मिल के वर्ष 2020-21 के पेराई सत्र का शुभारम्भ करने के बाद किसानों की सभा को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने पेराई सत्र का शुभारम्भ मंत्रोच्चारण के बीच केन केरियर में गन्ना डालकर किया।
इस अवसर पर उनके पुत्र एवं मोदी इंडस्ट्रीज के डायरेक्टर सेठ अभिषेक मोदी, क्षेत्रीय विधायक मंजू शिवाच और इलाके के भारी संख्या में गणमान्य किसान मौजूद थे। सभा का संचालन वरिष्ठ पत्रकार सुभाष शर्मा ने किया ।
इस मौके पर किसानों ने सेठ उमेश कुमार मोदी को मोदी इंडस्ट्रीज लि0 का चेयरमैन बनने पर बधाई दी और गन्ना किसानों ने अपना सहयोग देने का पूर्ण आश्वासन दिया ।
सभा को सम्बोधित करते हुए सेठ उमेश कुमार मोदी ने कहा कि मुझे मोदी इंडस्ट्रीज का चेयरमैन बनाया गया है। मैं विश्वास दिलाता हूं कि मोदी इंडस्ट्रीज की एक इंच जमीन भी नहीं बेची जाएगी। उद्योग लगाने के लिए ली गयी जमीन पर फैक्ट्रियाँ ही लगेंगी। इससे इलाके के लोगों को रोजगार मिलेगा, बाजार में पैसा आएगा, किसान और व्यापारी सब खुशहाल होंगे।
उन्होंने कहा कि दिल्ली के नजदीक होने के नाते मोदीनगर और इलाके के आसपास की जमीन की कीमत तेजी से बढ़ी हैं। उसी का परिणाम है कि कुछ लोग यहां चलती फैक्ट्रियाँ बंद कर उसकी जमीन बेच अपनी जेबें भरने लगे। जिसके चलते मोदीनगर का विकास ठप हो गया।
सेठ उमेश कुमार मोदी ने जोर देकर कहा कि मेरे पिताजी एवं नगर के संस्थापक स्व. सेठ गूजरमल मोदी जी कहा करते थे कि इस बात का सदैव ध्यान रखना कि बटवारा होने पर फैक्ट्रियां बंद हो जाएंगी। इसलिए मैं और मेरा परिवार उनके बताए मार्ग पर चल रहा है। हम अपने को फैक्ट्रियों का मालिक नहीं संरक्षक समझते हैं। यही ट्रस्टीशिप का सिद्धांत है जिस पर मेरे पिता जीवनभर चले। अब हमें मोदीनगर को फिर से उसी उचाईयों पर पहुंचाना है।
सेठ उमेश कुमार मोदी ने अपने भावकता भरे स्वर में कि कहा कि मेरे पिताजी कहा करते थे कि तुम मिलों के मालिक नहीं बल्कि माली हो। जब तक तुम माली वाली भूमिका में रहोगे तुम्हारे उद्योग तरक्की करते रहेंगे। इसलिए मैं यहाँ लगे उद्योगों का मालिक नहीं अपने को माली मानता हूं और यही शिक्षा मैंने अपने दोनों बेटों अभिषेक मोदी व जयेश मोदी को भी दी है। यदि मैं भी औरों की तरह खुद को माली नहीं मालिक मानता तो यहाँ की जमीन को बेचकर विदेश में आराम से रहता। लेकिन मोदीनगर मेरी जन्मभूमि है और मैं इसे अपनी मातृभूमि मानता हूं।
चेयरमैन सेठ उमेश कुमार मोदी ने कहा कि इलाके के किसानों का हमारे परिवार को हमेशा सहयोग मिलता रहा है और आशा है कि यह परंपरा आगे भी जारी रहेगी। गन्ना आपूर्ति के भुगतान में देरी के बावजूद किसानों का हम पर विश्वास है और यह विश्वास हम पर हमेशा बना रहना चाहिए। मोदी इंडस्ट्रीज के पास अपनी इतनी जमीन है कि उसेे डवलप कर आसानी से गन्ने का भुगतान किया जा सकता है। उन्होंने इस मौके पर क्षेत्रीय सांसद सत्यपाल सिंह और विधायक मंजू सिवाच का भी आभार व्यक्त किया कि उन्होंने समय समय पर बहुत सहयोग किया है।
इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक मंजू सिवाच और भोजपुर ब्लॉक के प्रमुख किशनवीर सिंह ने विस्तार से किसानों की समस्याओं को रखा। इस मौके पर गन्ना सोसायटी के पूर्व चेयरमैन महेश त्यागी, डायरेक्टर सतपाल सिंह तेवतिया, नेपाल सिंह, सतेन्द्र तोमर, निवाड़ी के अनिल त्यागी सहित अन्य कई किसानों ने गन्ना उत्पादक किसानों ने भी किसानों की समस्याओं को रखा। सभी ने अपने अपने संबोधन से पूर्व सेठ उमेश कुमार मोदी को मोदी इंडस्ट्रीज का चेयरमैन बनने पर बधाई दी।
इस मौके पर मुख्य रूप से एन पी बंसल,राहुल त्यागी, ए के गोयल, एस एस कौशिक, वेदपाल सिंह, डी डी कौशिक सहित फैक्ट्री के अधिकारी मौजूद थे। ।