हाथरस मामला दंगा कराने की साजिश में पांच गिरफ्तार, आठ जिलों के अलग-अलग थानों में 19 एफआईआर दर्ज

हाथरस कांड में अमन-चैन बिगाड़ने की साजिश करने वालों के खिलाफ पुलिस ने 19 मुकदमे दर्ज किए हैं। पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है। यह जानकारी सोमवार शाम एडीजी कानून-व्यवस्था प्रशांत कुमार ने दी। उन्होंने हाथरस की घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि पूरे प्रदेश में अमन-चैन बिगाड़ने और जातीय विद्वेष फैलाकर दंगे कराने की साजिश में शामिल लोगों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
एडीजी ने बताया कि इस संबंध में हाथरस के चंदपा थाने में आईपीसी व आईटी एक्ट की 20 धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। इसके अलावा अलग-अलग मामलों में हाथरस के चंदपा, सासनी व हाथरेस गेट थाने में भी मुकदमे दर्ज किए गए हैं। लखनऊ, मथुरा, बिजनौर, सहारनपुर, बुलंदशहर, प्रयागराज व अयोध्या में भी 13 मुकदमे दर्ज किए गए हैं। मथुरा में कैम्पस फ्रंट आफ इंडिया के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष एवं उनके 3-4 अन्य पदाधिकारियों को सीआरपीसी की धारा 151 के तहत निरुद्ध किया गया है। एडीजी ने कहा कि पीड़िता और उसके भाई के बयान के आधार पर मुकदमा दर्ज करते हुए सभी आरोपितों को तत्काल गिरफ्तार कर जेल भेजा गया।
एडीजी कानून-व्यवस्था प्रशांत कुमार ने मीडिया को बताया कि साजिश के तहत पूरे प्रदेश में अमन-चैन बिगाड़ने व जातीय विद्वेष फैलाने के उद्देश्य से पीड़ित परिवार को धमकाने, गलतबयानी करने के लिए दबाव बनाने और उन्हें 50 लाख रुपये का प्रलोभन देने आदि के संबंध में वायरल आडियो व फोटो को सोशल मीडिया के माध्यम से दुष्प्रचारित किया गया। ऐसे तत्वों के विरुद्ध हाथरस के चंदपा थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। हाथरस की सासनी कोतवाली और हाथरस गेट थाने में रविवार को दो अलग-अगल मुकदमे दर्ज किए गए थे। सासनी कोतवाली में राजनीतिक पार्टी के नेता एवं उनके 400-500 समर्थकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। हाथरस गेट थाने में 200 लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है।