
हाथरस कांड की सीबीआई जांच के लिए मुख्यमंत्री ने केंद्र को भेजी पत्रावली
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने हाथरस कांड में सीबीआई जांच के लिए केंद्र सरकार को पत्र भेज दिया है। राज्य सरकार ने केंद्रीय कार्मिक मंत्रालय के साथ ही गृह मंत्रालय को हाथरस केस में दर्ज की गई एफआईआर की कॉपी और तय प्रोफार्मा भेजकर जल्द से जल्द जांच शुरू करने का अनुरोध किया है। हाथरस कांड में मृत युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म के आरोप लगे हैं।
मृत्यु पूर्व पीड़िता ने अस्पताल में पुलिस के सामने जो बयान दिया था, उसके आधार पर मामले में चार आरोपियों के खिलाफ आईपीसी की धारा 376D (गैंगरेप) के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेजा जा चुका है। दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में पीड़िता की मौत के बाद आरोपियों के खिलाफ आईपीसी की धारा 302 (हत्या) भी जोड़ दिया गया था। बता दें कि इस मामले को लेकर पूरे सूबे में सियासी पारा चढ़ा हुआ है इन सबके बीच सीएम को बदनाम करने की साजिश रचने के मामले का भी खुलासा हो रहा है।